Page Loader
बिहार: नीतीश कुमार और दो उप मुख्यमंत्री आज लेंगे शपथ, समारोह में शामिल होंगे अमित शाह

बिहार: नीतीश कुमार और दो उप मुख्यमंत्री आज लेंगे शपथ, समारोह में शामिल होंगे अमित शाह

Nov 16, 2020
01:24 pm

क्या है खबर?

लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे नीतीश कुमार सोमवार को शाम 4:30 बजे शपथ लेंगे। उनके साथ दो उप मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री शपथ लेंगे। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा की रेणु देवी और तार किशोर प्रसाद उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश की नई सरकार में भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) के पांच-पांच और हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (HAM) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के एक-एक मंत्री होंगे।

कयास

नीतीश के साथ कौन-कौन लेगा शपथ?

NDTV के अनुसार, जदयू के विजेंद्र यादव, विजय चौधरी, अशोक चौधरी, मेवालाल चौधरी और शीला मंडल नीतीश कुमार के साथ सोमवार को मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं भाजपा नेता मंगल पांडे और रामप्रीत पासवान को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चायें चल रही हैं। HAM की तरफ से संतोष मांझी और VIP से मुकेश मल्लाह को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। आज शपथ लेने वाले बाकी मंत्रियों के नाम अभी सामने नहीं आए हैं।

टिप्पणी

क्या बोले उप मुख्यमंत्री पद के दावेदार?

वहीं उप मुख्यमंत्री पद के दावेदार भाजपा तारकिशोर प्रसाद ने कहा, "ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि रेणु जी और मैं बिहार के उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।" जब रेणु देवी से उप मुख्यमंत्री पद मिलने की अटकलों पर पूछा गया तो उन्होंने कहा, "यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। अगर लोगों ने हमें चुना और NDA (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) पर भरोसा जताया है, तो हम उनकी उम्मीदों को पूरा करने के लिए मिलकर काम करेंगे।"

जानकारी

पहली बार बिहार में NDA सरकार में शामिल नहीं होंगे सुशील मोदी

बता दें कि ये पहली बार होगा जब बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बन रही NDA सरकार में पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी शामिल नहीं होंगे। इससे पहले 2005, 2010 और 2017 जब-जब नीतीश ने भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाई, सुशील उनके उप मुख्यमंत्री बने थे और दोनों की जोड़ी काफी चर्चित थी। इस बार बताया जा रहा है कि उन्हें बिहार से दिल्ली लाकर केंद्रीय मंत्रीमंडल में स्थान दिया जाएगा।

जानकारी

नड्डा और शाह हो सकते हैं समारोह में शामिल

सोमवार दोपहर बाद होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में NDA के कई बड़े नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। समाचार एजेंसी ANI ने समारोह में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की पुष्टि की है।

चुनाव के नतीजे

स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा NDA

10 नवंबर को आए बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में NDA 125 सीटों के साथ सत्ता में वापसी करने में कामयाब रहा है। इसमें से 74 सीटें भाजपा ने जीतीं और अब वह बिहार में बड़े भाई की भूमिका में है। नीतीश कुमार की पार्टी जदयू को महज 43 सीटों से संतोष करना पड़ा है। 75 सीटों के साथ राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सबसे अधिक विधायकों वाली पार्टी है। महागठबंधन को कुल 110 सीटें मिली हैं।