Page Loader
झारखंड विधानसभा चुनाव: पहले दौर का मतदान जारी, नक्सलियों ने बम से उड़ाया पुल

झारखंड विधानसभा चुनाव: पहले दौर का मतदान जारी, नक्सलियों ने बम से उड़ाया पुल

Nov 30, 2019
11:54 am

क्या है खबर?

झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को पहले चरण का मतदान जारी है। मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद नक्सलियों ने गुमला-लोहरदागा सीमा पर बने पुल को बम धमाका कर उड़ा दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि धमाके से चुनावी प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पडा है और मतदान पहले की तरह जारी है। गुमला के जिलाधिकारी ने कहा कि बम धमाके की जांच की जा रही है।

ऐहतियात

सुरक्षित इलाके में शिफ्ट किया पॉलिंग बूथ

जिलाधिकारी ने कहा कि यह धमाका जंगल में हुआ है और इससे मतदान पर असर नहीं पड़ा है। इस इलाके में एक मतदान बूथ था, जिसे सुरक्षित इलाके में शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने लोगों से मतदान का बहिष्कार करने की अपील की थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। गौरतलब है कि पहले दौर में लगभग 37 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

ट्विटर पोस्ट

मतदान की कुछ झलकियां

मतदान

13 सीटों पर 4,892 बूथों पर मतदान जारी

राज्य में पहले चरण में 13 सीटों के लिए शनिवार को कुल 4,892 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है। इनमें से शहरी क्षेत्र में 307 और ग्रामीण क्षेत्र में 4,585 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले दौर में छत्तरा, गुमला, विष्णुपुर, लोहारदागा, मणिका, लातेहार, पानकी, डाल्टनगंज, बिशरामपुर, छतरपुर, गढ़वा, हुसैनबाद और भावनाथपुरम सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह नौ बजे तक लगभग 11 प्रतिशत मतदान हो चुका हैं। इस दौरान सर्वाधिक 13.23 प्रतिशत मतदान लातेहार में हुआ है।

चुनाव

कुल पांच चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव

इस महीने की शुरुआत में झारखंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा की गई थी। राज्य में कुल पांच चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के तहत 30 नवंबर, दूसरे चरण के लिए 7 दिसंबर, तीसरे चरण के लिए 12 दिसंबर, चौथे चरण के लिए 16 दिसंबर और पांचवे चरण के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। नतीजों का ऐलान 23 दिसंबर को किया जाएगा। फिलहाल राज्य में भाजपा मुख्यमंत्री रघुबर दास के नेतृत्व में सरकार चला रही है।

चुनाव नतीजे

2014 विधानसभा चुनावों में ये रहे थे नतीजे

2014 विधानसभा चुनावों के नतीजों की बात करे तो भाजपा ने 37, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (ASJU) ने पांच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने 19, कांग्रेस ने सात और झारखंड विकास मोर्चा (JVM)ने आठ और अन्य ने छह सीटों पर जीत हासिल की थी। नतीजों के बाद JVM के छह विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे। इन चुनावों में भाजपा को 31.3, JMM को 20.4, कांग्रेस को 10.5 और JVM को 10 फीसदी वोट मिले थे।