LOADING...
नटवर सिंह बोले- अगर गैर गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बना तो 24 घंटे में टूट जाएगी पार्टी

नटवर सिंह बोले- अगर गैर गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बना तो 24 घंटे में टूट जाएगी पार्टी

Jul 22, 2019
11:25 am

क्या है खबर?

राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद नेतृत्व संकट से गुजर रही कांग्रेस में प्रियंका गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की मांग तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नटवर सिंह ने कहा है कि प्रियंका को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर गांधी परिवार से बाहर का कोई नेता कांग्रेस अध्यक्ष बनता है तो पार्टी 24 घंटों में बिखर जाएगी। उन्होंने और क्या कुछ कहा, आइये जानते हैं।

बयान

पार्टी का नेतृत्व करने में सक्षम हैं प्रियंका- नटवर सिंह

नटवर सिंह ने प्रियंका गांधी की सोनभद्र यात्रा की तारीफ करते हुए कहा कि वो पार्टी का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, "आपने देखा होगा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक गांव में क्या किया। यह शानदार था। वो वहां रूकी और जो करना चाहती थी वह किया।" साथ ही उन्होंने राहुल गांधी के इस फैसले का विरोध किया कि पार्टी का अगला अध्यक्ष गांधी परिवार के बाहर से होना चाहिए।

मांग

पहले भी उठी है प्रियंका को अध्यक्ष बनाने की मांग

जब उनसे पूछा गया कि क्या प्रियंका को पार्टी अध्यक्ष चुना जाएगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा, "यह प्रियंका पर निर्भर करता है क्योंकि राहुल ने कहा था कि गांधी परिवार का कोई सदस्य पार्टी अध्यक्ष नहीं बनेगा। अब परिवार को यह यह फैसला बदलना पड़ेगा और ऐसा सिर्फ वही कर सकते हैं।" नटवर लाल से पहले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते अनिल शास्त्री समेत दूसरे नेता भी प्रियंका को अध्यक्ष बनाने की मांग कर चुके हैं।

बयान

प्रियंका अध्यक्ष नहीं बनीं तो कांग्रेस में पड़ेगी फूट- नटवर सिंह

शास्त्री ने कहा था कि अगर किसी दूसरे नेता को पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया तो पार्टी का एक धड़ा उसे पसंद नहीं करेगा और इस बात की पूरी संभावना है कि पार्टी में फूट पड़ जाए। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने भी शास्त्री के सुर में सुर मिलाते हुए कहा कि अगर गांधी परिवार के बाहर से कोई पार्टी का अध्यक्ष चुना जाता है तो कांग्रेस में 24 घंटे में फूट पड़ जाएगी।

जानकारी

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल भी कर चुके हैं प्रियंका को अध्यक्ष बनाने की मांग

पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने 'इंडियन एक्सप्रेस' से बात करते हुए कहा, "कई लोग ये कह रहे हैं। मुझे भी लगता है कि प्रियंका जी को कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए। वो गांधी परिवार से हैं। उनमें पार्टी का नेतृत्व करने के गुण मौजूद हैं।"

बयान

"हर कोई चाहता है प्रियंका अध्यक्ष बनें"

वहीं, 3 बार लोकसभा सांसद रह चुके भक्त चरण दास ने कहा, "जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष तक कांग्रेस पार्टी के लाखों नेता राहुल गांधी की जगह प्रियंका जी को अध्यक्ष बनाने की मांग करेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "बल्कि वो ये मांग कर रहे हैं। ये सही जगह तक नहीं पहुंच रही है। लेकिन हर कोई ऐसा चाहता है। उनके साथ एक विश्वसनीय टीम होनी चाहिए और हम अच्छा प्रदर्शन करने में कामयाब रहेंगे।"

अड़चन

प्रियंका से कई नेता नाराज- सूत्र

अध्यक्ष पद के लिए प्रियंका का नाम ऐसे समय पर उछला है जब शीर्ष नेतृत्व को आशंका है कि पार्टी में उनकी स्वीकार्यता वैसी नहीं हो सकती, जैसी राहुल की थी। खबरें हैं कि चुनाव में हार के बाद हुई CWC बैठक में प्रियंका के कठोर, तीखे और आलोचनात्मक शब्दों से कई नेता नाराज हुए हैं और शायद इसलिए इस बार "प्रियंका लाओ, कांग्रेस बचाओ" जैसे नारे नहीं सुनाई दिए।