Page Loader
महाराष्ट्र: उद्धव गुट की शिवसेना अकेले लड़ेगी निकाय चुनाव, गठबंधन पर दिया बड़ा बयान
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना अकेले लड़ेगी निकाय चुनाव

महाराष्ट्र: उद्धव गुट की शिवसेना अकेले लड़ेगी निकाय चुनाव, गठबंधन पर दिया बड़ा बयान

Jan 11, 2025
02:45 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट वाली शिवसेना ने राज्य में होने वाली आगामी निकाय चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। यह निर्णय महाराष्ट्र में बने महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के लिए बड़ा झटका है। शिवसेना ने ऐलान किया है कि वह मुंबई, ठाणे, नागपुर सहित अन्य नगर निगमों के साथ जिला परिषदों और पंचायत चुनाव अकेले लड़ेगी। इसका कारण है कि गठबंधन में व्यक्तिगत दलों के कार्यकर्ताओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते हैं।

बयान

MVA और INDIA गठबंधन लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए- राउत

शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा, "INDIA और MVA गठबंधन लोकसभा और विधानसभा चुनावों के लिए है। गठबंधन में व्यक्तिगत दलों के कार्यकर्ताओं को अवसर नहीं मिलते हैं और इससे संगठनात्मक विकास में बाधा आती है। हम अपनी ताकत के बल पर मुंबई, ठाणे, नागपुर सहित अन्य नगर निगम, जिला परिषदों और पंचायत चुनाव लड़ेंगे।" उन्होंने आगे कहा, "इन सभी चुनावों में हम अपने कार्यकर्ताओं को पूरा मौका देंगे।"

निशाना

राउत ने कांग्रेस नेता वडेट्टीवार पर साधा निशाना

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में MVA की करारी हार पर आरोप-प्रत्यारोप में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार पर निशाना साधते संजय राउत ने कहा, "जो लोग आम सहमति और समझौते में विश्वास नहीं करते हैं, उन्हें गठबंधन में रहने का कोई अधिकार नहीं है।" उन्होंने कहा, "हम INDIA गठबंधन के लिए एक संयोजक तक नियुक्त नहीं कर पाए। यह अच्छा नहीं है। गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में बैठक बुलाने की जिम्मेदारी कांग्रेस की थी।"