Page Loader
महाराष्ट्र चुनाव परिणाम 2024: शरद पवार के पोते रोहित पवार बेहद करीबी मुकाबले में जीते
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 में कर्जत-जामखेड से रोहित पवार जीते

महाराष्ट्र चुनाव परिणाम 2024: शरद पवार के पोते रोहित पवार बेहद करीबी मुकाबले में जीते

लेखन गजेंद्र
Nov 23, 2024
06:14 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव परिणाम 2024 में अमदनगर जिले की कर्जत-जामखेड विधानसभा सीट पर भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। यहां से शरद पवार के पोते रोहित पवार ने मात्र 900 वोटों से दूसरी बार जीत दर्ज की है। उनका मुकाबला भाजपा के प्रोफेसर रामशंकर शिंदे से था। रोहित को 1,26,986 जबकि प्रोफेसर शिंदे को 1,26,040 वोट मिले। तीसरे स्थान पर निर्दलीय उम्मीदवार रोहित चंद्रकांत पवार रहे।

चुनाव परिणाम

रोहित पवार की लगातार दूसरी जीत

रोहित पवार ने 2019 में ये सीट जीतकर सभी को चौंका दिया था। उनको 1.35 लाख वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी राम शिंदे 92,000 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर थे। राम शिंदे ने 2009 और 2014 का चुनाव जीता था, जिसमें उन्होंने शिवसेना के खादे रमेश भीमराव को करीब 45,000 वोट से हराया था। कर्जत-जामखेड सीट पर रोहित पवार के पक्ष में लड़ाई मानी जा रही थी, लेकिन ऐन वक्त तक मुकाबला कड़ा रहा।

इतिहास

सीट पर 1995 से रहा है भाजपा का दबदबा

कर्जत-जामखेड सीट दोनों ही तालुका का संयुक्त निर्वाचन क्षेत्र है। यहां 1995 से भाजपा का दबदबा रहा है। भाजपा के सदाशिव लोखंड ने 1995 से 2009 तक लगातार 3 बार चुनाव जीता है। इसके बाद भाजपा ने राम शिंदे को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने 2009 और 2014 में जीत को बरकरार रखकर सीट बचाई थी। हालांकि, 2019 में यह बाजी पलट गई। रोहित ने शिंदे को बुरी तरह हराया था। यहांं मराठा और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के मतदाता अधिक हैं।