Page Loader
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर और अशोक गहलोत में हो सकता है मुकाबला
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लगभग दो दशक बाद मुकाबला होना तय

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए शशि थरूर और अशोक गहलोत में हो सकता है मुकाबला

Sep 20, 2022
10:51 am

क्या है खबर?

अगले महीने होने जा रहे कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में सांसद शशि थरूर और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच मुकाबला हो सकता है। बागी नेताओं के G-23 समूह से आने वाले थरूर ने कल पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और उनसे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की अनुमति मांगी। सोनिया ने उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी है। हालांकि थरूर को गांधी परिवार का समर्थन नहीं मिलेगा।

दूसरा प्रत्याशी

सोनिया गांधी के कहने पर मैदान में उतरेंगे अशोक गहलोत

चुनाव में गांधी परिवार का समर्थन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तरफ रह सकता है, जो परिवार के पुराने विश्वस्त हैं। उनका अध्यक्ष पद की रेस में उतरना लगभग तय है और खुद सोनिया ने उनसे पार्टी की कमान संभालने को कहा है। माना जा रहा है कि गहलोत को समर्थन देकर गांधी परिवार पार्टी की कमान अपने ही हाथों में रखना चाहता है। हालांकि गहलोत केवल तभी चुनाव लड़ेंगे जब राहुल गांधी मैदान में नहीं उतरते।

प्रयास

राहुल को मनाने के प्रयास भी जारी

राहुल गांधी साफ कर चुके हैं कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्हें मनाने की कोशिश जारी है और इन नेताओं में गहलोत भी शामिल हैं जिन्होंने राहुल से फिर से पार्टी की कमान संभालने को कहा है। इसके अलावा सात राज्यों की कांग्रेस इकाइयों ने प्रस्ताव पारित कर राहुल से फिर से अध्यक्ष पद संभालने को कहा है। आने वाले समय में ये आंकड़ा और बढ़ सकता है।

जानकारी

राहुल के राजी होने पर होगा उनके और थरुर के बीच मुकाबला

कांग्रेस इकाइयों और नेताओं के इतना जोर देने के बाद अगर राहुल चुनाव लड़ने के लिए राजी हो जाते हैं तो गहलोत पीछे हट जाएंगे और कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उनके और शशि थरूर के बीच मुकाबला होगा। हालांकि इसकी संभावना बेहद कम है।

रिकॉर्ड

दो दशक में पहली बार होगा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला

बता दें कि पिछले दो दशक में ये पहली बार होगा जब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए दो नेताओं में मुकाबला देखने को मिलेगा। इससे पहले आखिरी बार 2001 में सोनिया गांधी और जितेंद्र प्रसाद के बीच मुकाबला हुआ था जिसमें सोनिया ने एकतरफा जीत दर्ज की थी। इसके अलावा अगर राहुल मैदान में नहीं उतरते तो लगभग 25 साल बाद कांग्रेस को गैर-गांधी अध्यक्ष मिलना भी लगभग तय है। इस बीच सोनिया और राहुल ही अध्यक्ष रहे हैं।

चुनाव कार्यक्रम

अक्टूबर में होगा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव अक्टूबर में होगा। CWC द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, 17 अक्टूबर को अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग होगी और दो दिन बाद 19 अक्टूबर को मतगणना के बाद विजेता के नाम का ऐलान किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी और नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर होगी।