भारतीय रेलवे ने विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का इस्तीफा मंजूर किया
भारतीय रेलवे ने कुश्ती पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। दोनों पहलवानों को 3 महीने के नोटिस पीरियड को भी माफ कर दिया गया है। दोनों ने अपने इस्तीफे में पारिवारिक और निजी कारण बताते हुए नौकरी करने में असमर्थता जताई थी। उन्होंने नोटिस पीरियड से भी छूट मांगी थी। इस्तीफा मंजूर होने के बाद दोनों का राजनीतिक रास्ता साफ है। अब वे बिना परेशानी चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
जुलाना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी फोगाट
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी ने फोगाट को हरियाणा की जुलाना विधानसभा सीट से टिकट दिया है। इस सीट पर कांग्रेस पिछले कई सालों से जीती नहीं है। कांग्रेस अंतिम बार 2005 में यहां से चुनाव जीती थी। पूनिया को अखिल भारतीय किसान कांग्रेस का वर्किंग चेयरमैन बनाया गया है। वह किसानों के मुद्दे पर काम करेंगे। पूनिया को टिकट नहीं मिला है। बता दें, फोगाट और पूनिया को खाप पंचायतों और जाटों का समर्थन है।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को है चुनाव
हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव होने हैं, जिसके लिए 12 सितंबर तक नामांकन चल रहे हैं। रेलवे से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने के बाद फोगाट नामांकन कर सकती हैं, वरना उनको समस्या आती। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की बातचीत चल रही है, जबकि भाजपा ने अपने कुछ उम्मीदवारों के पत्ते खोल दिए हैं। अभी हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है।