
गुजरात: आम आदमी पार्टी के विधायक भूपत भायानी ने दिया इस्तीफा, भाजपा में जाने की तैयारी
क्या है खबर?
गुजरात से राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाने वाली खबर आई है। यहां आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक भूपत भयानी ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी को अपना इस्तीफा सौंपा। भयानी जूनागढ़ जिले के विसावदर से विधायक थे।
उन्होंने 2022 के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार हर्षद रीबडिया को हराया था। हर्षद भी कांग्रेस से विधायक थे, जो चुनाव से पहले भाजपा में आ गए थे।
तैयारी
भाजपा में जा सकते हैं भायानी
जागरण के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा देने से पहले भायानी ने कहा कि वह एक राष्ट्रवादी व्यक्ति हैं, जबकि आम आदमी पार्टी कोई राष्ट्रवादी पार्टी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के हित में काम करना चाहते हैं और वह पहले भी भाजपा में थे।
उनके इस बयान से साफ है कि वह भाजपा में शामिल होंगे। हालांकि, उनके चुनाव जीतने के बाद से ही कयास लग रहे थे कि वह भाजपा में जा सकते हैं।
झटका
AAP ने गुजरात में जीती थी 5 सीटें
पिछले साल 2022 में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में 182 सीटों में भाजपा ने 156 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 17 और AAP ने 5 सीटों पर कब्जा जमाया था।
भायानी के इस्तीफे से पंजाब के बाद गुजरात में अपना दायरा बढ़ा रही AAP को झटका लगा है। उसको चुनाव में 40 लाख से अधिक वोट मिले, जो 13 प्रतिशत हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि AAP के 2 और विधायक इस्तीफा दे सकते हैं।