Page Loader
सोनिया गांधी के अनुरोध पर राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा

सोनिया गांधी के अनुरोध पर राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा

Jun 08, 2020
05:24 pm

क्या है खबर?

पूर्व प्रधानमंत्री और जनता दल सेक्युलर (JDS) प्रमुख एचडी देवगौड़ा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अनुरोध पर राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। उनके बेटे और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने ट्वीट कर ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देवगौड़ा कल नामांकन दाखिल करेंगे। बता दें कि कर्नाटक विधानसभा में JDS के पास अपने दम पर राज्यसभा सीट जीतने लायक सीटें नहीं हैं और उसे सीट जीतने के लिए कांग्रेस के समर्थन की जरूरत पड़ेगी।

ट्वीट

कुमारस्वामी बोले- देवगौड़ा को राजी करना आसान नहीं था

कुमारस्वामी ने अपने ट्वीट में लिखा, 'पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने पार्टी विधायकों, सोनिया गांधी जी और कई राष्ट्रीय नेताओं के अनुरोध पर राज्यसभा चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। वे कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सबकी सहमति स्वीकार करने के लिए हम श्री देवगौड़ा को धन्यवाद कहते हैं।' उन्होंने कहा कि देवगौड़ा अपने राजनीतिक सफर में जीत और हार दोनों देख चुके हैं और उन्हें राज्यसभा जाने के लिए राजी करना आसान नहीं था।

राज्यसभा चुनाव

दूसरी बार राज्यसभा के जरिए संसद में प्रवेश करेंगे देवगौड़ा

ये दूसरी बार होगा जब 87 वर्षीय देवगौड़ा राज्यसभा के जरिए संसद में पहुंचेंगे।। इससे पहले 1996 में जब वे प्रधानमंत्री बने थे, तब राज्यसभा सांसद चुने गए थे। इसके बाद से देवगौड़ा लोकसभा चुनाव जीत कर संसद पहुंच रहे थे, लेकिन 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपने गढ़ हसन सीट को अपने पोते प्रजवाल रमन्ना के लिए छोड़ दिया था और तुमकुर से मैदान में उतरे, जहां भाजपा प्रत्याशी ने उन्हें हरा दिया।

समीकरण

क्या है कर्नाटक राज्यसभा चुनाव का समीकरण?

गौरतलब है कि कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों के लिए 19 जून को मतदान होना है और इसमें एक सीट जीतने के लिए 22 विधायकों के वोट की जरूरत होगी। 117 विधायकों के साथ भाजपा आराम से दो सीटें जीत सकती है, वहीं 68 विधायकों वाली कांग्रेस अपने बलबूते एक सीट जीत सकती है। JDS के पास 34 विधायक हैं और वह कांग्रेस की मदद से चौथी और आखिरी सीट पर कब्जा कर सकती है।

जानकारी

भाजपा ने घोषित किए दो प्रत्याशी, कांग्रेस ने एक

भाजपा दो सीटों पर अपने प्रत्याशियों को ऐलान कर चुकी है और समीकरण देखने के बाद तीसरे प्रत्याशी का भी ऐलान कर सकती है। वहीं कांग्रेस ने जिस एक सीट पर उसकी जीत तय है, उस पर मल्लिकार्जुन खड़गे को मैदान में उतारा है।

राज्यसभा चुनाव

10 राज्यों की कुल 24 राज्यसभा सीटों के लिए होंगे राज्यसभा चुनाव

बता दें कि 19 जून को कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से 18 ऐसी सीटें हैं, जिन पर लॉकडाउन के कारण मार्च में चुनाव नहीं हो सके थे। 18 में आंध्र प्रदेश और गुजरात की 4-4, मध्य प्रदेश और राजस्थान की 3-3, झारखंड की दो, मणिपुर और मेघालय की एक-एक सीट है। बाकी छह सीटों पर जून-जुलाई में ही चुनाव होने थे। परिणाम 19 जून को ही आएगा।

समर्थन

कांग्रेस का JDS को समर्थन देना लगभग तय

यूं तो अभी तक कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में JDS का समर्थन करने का ऐलान नहीं किया है, लेकिन ऐसा होना लगभग तय माना जा रहा है। NDTV के सूत्रों के अनुसार, सोनिय गांधी भाजपा के खिलाफ आवाज को मजबूत करने के लिए देवगौड़ा के राज्यसभा चुनाव में मदद करने का मन बना चुकी हैं। इसके अलावा कर्नाटक के वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार भी कह चुके हैं कि कांग्रेस नहीं चाहती कि भाजपा का कोई तीसरा प्रत्याशी राज्यसभा पहुंचे।