Page Loader
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह दिल्ली AIIMS में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह दिल्ली AIIMS में भर्ती, सीने में दर्द की शिकायत

लेखन Manoj Panchal
May 10, 2020
11:35 pm

क्या है खबर?

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता डॉ मनमोहन सिंह को सीने में दर्द की शिकायत के चलते रविवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार उन्हें रात 08:45 बजे अस्पताल के कार्डियो-थोरेसिक वार्ड में ले जाया गया और डॉक्टरों द्वारा उनका निरीक्षण किया जा रहा है। उन्हें अस्पताल कि गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती नहीं किया गया है और उनका इलाज कार्डियोलॉजी प्रोफेसर डॉ नीतीश नाइक कर रहे हैं।

स्वास्थ्य रिकॉर्ड

2009 में मनमोहन सिंह ने करवाई थी हार्ट-बायपास सर्जरी

कोरोनो वायरस के प्रकोप के बीच मार्च में संसद स्थगित होने से कुछ समय पहले ही मनमोहन सिंह की तबियत कुछ ठीक नहीं थी। उस समय उनके डॉक्टरों ने उन्हें पूर्ण बेडरेस्ट की सलाह दी थी। वर्तमान में राज्यसभा में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करने वाले मनमोहन सिंह को 2009 में AIIMS में ही हार्ट-बायपास सर्जरी करवानी पड़ी थी। ऑपरेशन के दौरान मनमोहन सिंह की पांच बाईपास सर्जरी की गई थी मनमोहन सिंह को शुगर की शिकायत भी है।

परिचय

10 साल भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं मनमोहन सिंह

बता दें कि 87 साल के मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। इससे पहले वह 1991 में नरसिम्हा राव की सरकार में वित्तमंत्री थे। मनमोहन सिंह भारतीय रिजर्व बैंक के 15वें गवर्नर रह चुके हैं। वह राजीव गांधी की सरकार में योजना आयोग के डिप्टी चेयरमैन भी रहे थे। हाल ही में कोरोना वायरस के कारण बनी स्थिति के लिए कांग्रेस ने एक सलाहकार समूह बनाया है जिसकी अध्यक्षता मनमोहन सिंह ही कर रहे हैं।

कामना

नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह को AIIMS में भर्ती कराया गया है, इससे मैं बहुत चिंतित हूं। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।' वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, 'पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे उन्हें शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ करें और दीर्घायु प्रदान करें।'

ट्विटर पोस्ट

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी की स्वस्थ होने की कामना