Page Loader
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव का ऐलान आज होगा

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान

लेखन गजेंद्र
Oct 15, 2024
09:55 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र और झारखंड के विधानसभा चुनाव का ऐलान चुनाव आयोग मंगलवार को करेगा। इस संबंध में उसने दोपहर 3:30 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ अन्य चुनाव आयुक्त भी मौजूद रहेंगे। संभावना थी कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव की भी घोषणा हो सकती है, लेकिन आयोग ने अपने बयान में यह जानकारी नहीं दी है। बता दें कि अक्टूबर में हरियाणा और जम्मू-कश्मीर चुनाव संपन्न हुए हैं।

चुनाव

कब खत्म हो रहा महाराष्ट्र और झारखंड का कार्यकाल

महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल इस साल नवंबर में समाप्त हो रहा है। यहां मौजूदा समय में भाजपा, शिवसेना (एकनाथ शिंदे) और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महायुति सरकार है। वहीं झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी, 2025 को समाप्त होगा। यहां INDIA गठबंधन में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और अन्य की सरकार है। संभावना है कि चुनाव दिवाली के कारण लंबा खींच सकते हैं।

उपचुनाव

उपचुनावों की भी होगी घोषणा

दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी, 2025 को हो रहा है। यहां आम आदमी पार्टी ने नवंबर में ही चुनाव कराने की इच्छा जताई थी, लेकिन चुनाव आयोग अभी इसके समर्थन में नहीं है। बता दें कि महाराष्ट्र और झारखंड के अलावा 6 राज्यों की 28 सीटों पर उपचुनाव भी होने है, जिसमें उत्तर प्रदेश की 10, बिहार की 4, राजस्थान की 6, पंजाब की 5, मध्य प्रदेश की 2 और छत्तीसगढ़ की 1 सीट शामिल है।