Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: सभी 70 सीटों पर शुरू हुआ मतदान, जानिए जरूरी बातें
दिल्ली की सभी 70 सीटों पर मतदान शुरू

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: सभी 70 सीटों पर शुरू हुआ मतदान, जानिए जरूरी बातें

Feb 05, 2025
07:05 am

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विधानसभा चुनाव के तहत बुधवार (5 फरवरी) को सभी 70 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी आवश्यक तैयारी की है। सुबह 7 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। कतार में लगे लोगों को 5 बजे के बाद भी वोट देने का मौका मिलेगा। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। आइए चुनाव से जुड़ी जरूरी बातों पर नजर डालते हैं।

मतदाता

दिल्ली में 1.55 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार दिल्ली में 1.55 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या 71.73 लाख से अधिक है। इसी तरह, ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 1,261 है। इन मतदाताओं के लिए राजधानी में कुल 2,697 जगहों पर 13,033 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 210 बूथ मॉडल, 70 बूथ महिला और 70 दिव्यांगों के लिए होंगे। चुनाव की मतगणना 8 फरवरी को होगी।

उम्मीदवार

699 उम्मीदवार आजमा रहे हैं किस्मत

दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बाद कुल 699 उम्मीद अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 602 पुरुष, 96 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार है। कुल उम्मीदवारों में 278 राष्ट्रीय पार्टी, 29 राज्य स्तरीय पार्टी, 254 पंजीकृत गैर मान्यता प्राप्त पार्टी और 138 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने जहां सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, वहीं भाजपा ने 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारें हैं।

उम्मीदवार

इन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर

दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मुख्यमंत्री आतिशी, केंद्रीय मंत्री गोपाल राय, अवध ओझा, भाजपा नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, भाजपा नेता व पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, अरविंद सिंह लवली, तरविंदर सिंह मारवाह, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता अलका लांबा, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, कैलाश गहलोत और राजकुमार आनंद जैसे दिग्गत नेताओं की किस्मत दांव पर है।

सुरक्षा

42,000 पुलिसकर्मियों पर है सुरक्षा की जिम्मेदारी

आयोग ने मतदान के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा सुनिश्वित करने के लिए दिल्ली पुलिस के 42,000 जवानों की ड्यूटी लगाई है। इसी तरह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की 150 और 10 विभिन्न राज्यों के सशस्त्र बलों की 70 कंपनियों को भी तैनात किया गया है। कड़ी निगरानी के लिए 43 प्रमुख और 100 से अधिक छोटी सीमा चौकियों पर पुलिस तैनात की गई है। इसी तरह वाहनों की जांच के लिए विशेष निगरानी दल भी तैनात किए हैं।

एग्जिट पोल

शाम साढ़े 6 बजे के बाद आएंगे एग्जिट पोल

चुनाव आयोग ने एग्जिट पोल पर रोक लगा दी है। 5 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 6:30 बजे तक कोई भी एग्जिट पोल नहीं दिखाया जा सकेगा। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ सकेंगे। गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में AAP, कांग्रेस और भाजपा में मुकाबला है। हालांकि, मुख्य मुकाबला AAP और भाजपा के बीच ही है। दोनों ही दलों ने चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है।