Page Loader
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: पटपड़गंज सीट से अवध ओझा हारे, भाजपा के नेगी जीते
दिल्ली विधानसभा चुनाव में पटपड़गंज से अवध ओझा हारे

दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: पटपड़गंज सीट से अवध ओझा हारे, भाजपा के नेगी जीते

लेखन गजेंद्र
Feb 08, 2025
12:50 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में आने वाली पटपड़गंज सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार अवध ओझा हार गए। उनको भाजपा उम्मीदवार रविंद्र सिंह नेगी ने 28,072 वोट से हराया। नेगी को कुल 74,060 और ओझा को 45,988 वोट मिले। कांग्रेस के पूर्व दिल्ली अध्यक्ष अनिल चौधरी को 16,549 वोट मिले। ओझा ने हार स्वीकारते हुए कहा, "यह मेरी व्यक्तिगत हार है। मैं लोगों से नहीं जुड़ सका...लोगों से मिलूंगा और अगला चुनाव यहीं से लड़ूंगा।"

चुनाव परिणाम

शिक्षक से नेता बने ओझा के लिए थी चुनौती

अवध प्रताप ओझा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के निवासी हैं। वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच ओझा सर के नाम से मशहूर हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षाओं में चुनौतियों का सामना करने के बाद उन्होंने इलाहाबाद में पढ़ाना शुरू किया था। वे UPSC कोच, यूट्यूबर और प्रसिद्ध शिक्षक हैं। उन्होंने यूट्यूब पर पढ़ाना शुरू किया और लोकप्रिय हुए। उनकी IAS अकादमी भी है। राजनीति में नए ओझा लिए सीट चुनौतियों से भरी थी।

चुनाव

क्या है पटपड़गंज सीट का इतिहास?

पटपड़गंज सीट पर कभी भाजपा तो कभी कांग्रेस का कब्जा रहा, लेकिन 2013 से यहां AAP के मनीष सिसोदिया विधायक बनते रहे। वर्ष 1993 में भाजपा के ज्ञान चंद यहां से विधायक बने। इसके बाद 1998 से 2003 तक कांग्रेस के अमरीश सिंह गौतम विधायक बनते रहे। 2003 में अनिल चौधऱी भी यहां से विधायक बन चुके हैं, जो इस बार फिर मैदान में हैं। रविंद्र नेगी भी काफी अनुभवी राजनेता हैं, जिन्होंने 2020 में सिसोदिया को चुनौती दी थी।