Page Loader
पंजाब: मास्क नहीं पहनने के लिए लोगों को उकसाने पर विधायक के खिलाफ मामला दर्ज

पंजाब: मास्क नहीं पहनने के लिए लोगों को उकसाने पर विधायक के खिलाफ मामला दर्ज

Sep 09, 2020
04:50 pm

क्या है खबर?

देश में बढ़ते कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सरकार इससे बचने के लिए लोगों से अनिवार्य रूप से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की अपील कर रही है। इसी बीच पंजाब पुलिस ने लोगों को मास्क नहीं लगाने के लिए कथित रूप से उकसाने और कोरोना महामारी के संबंध में विभिन्न अफवाहें फैलाकर उन्हें गुमराह करने को लेकर लोक इंसाफ पार्टी (LIP) के विधायक सिमरजीत सिंह बैंस के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पृष्ठभूमि

विधायक ने आयोजित किया था 'जनता दरबार'

बता दें कि विधायक बैंस ने शनिवार को लुधियाना में दयानंद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) के बाहर 'जनता दरबार' आयोजित कर अस्पतालों में अधिक वसूली पर लोगों की समस्याएं सुनी थी। इस कार्यक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों को मास्क नहीं पहनने तथा महामारी से बचाव के अन्य नियमों का पालन नहीं करने के लिए उकसा रहे हैं। इस वीडियो के कारण राज्य में लोग पूरी तरह से भ्रमित हो गए हैं।

शिकायत

सिविल सर्जन की शिकायत के बाद दर्ज हुआ विधायक के खिलाफ मामला

लुधियाना के सिविल सर्जन डॉ राजेश बग्गा ने विधायक द्वारा लोगों को मास्क नहीं पहनने और अन्य उपायों को नहीं अपनाने के लिए उकसाने वाले एक वीडियो के आधार पर विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने शिकायत में कहा था कि विधायक लोगों को नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित करने की जगह उन्हें नियमों की अवेहलना करने के लिए उकसाने का अभियान चला रहे हैं। इससे लोगों में भ्रम फैल रहा है।

कार्रवाई

विधायक के खिलाफ इन धाराओं में दर्ज किया मामला

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार लुधियाना के आतम नगर से विधायक बैंस के खिलाफ डिविजन नंबर आठ थाना पुलिस ने धारा 188 (लोक सेवक द्वारा घोषित आदेश की अवज्ञा), भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 505 (जनता को गुमराह करने के लिए बयानबाजी) और महामारी अधिनियम की धारा 3 और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 54 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विधायक के खिलाफ मामला दर्ज करने से पहले लुधियाना पुलिस ने कानूनी राय भी मांगी थी।

बयान

वीडियो के आधार पर दर्ज किया गया है विधायक के खिलाफ मामला

थानाप्रभारी जनरैल सिंह ने बताया कि विधायक बैंस के खिलाफ वीडियो के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वीडियो की जांच की जा रही है। लुधियाना के जिला अटॉर्नी के अनुसार बैंस दावा कर रहे हैं कि कोरोना सरकार द्वारा सत्ता को बनाये रखने के लिए पैदा किया गया एक हौवा है और वह लोगों से मास्क नहीं लगाने का आह्वान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जानबूझकर लोगों का स्वास्थ्य और जीवन खतरे में डाल रहे हैं।

प्रतिकिया

मास्क पहनना नहीं है जायज- बलविंदर सिंह

इस मामले में विधायक बैंस की प्रतिक्रिया नहीं आई, लेकिन उनके विधायक भाई बलविंदर सिंह ने कहा कि मास्क पहनना जायज नहीं है। उन्होंने कहा, "विधानसभा सत्र के दौरान हमने भी मास्क नहीं पहना था। विशेषज्ञों के अनुसार मास्क पहनने से वास्तव में दम घुटता है और इससे भी संक्रमण हो सकता है।" उन्होंने दावा किया, "विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने अनिवार्य रूप से मास्क पहनने की कोई गाइडलाइंस जारी नहीं की है।"

बयान

बलविंदर सिंह ने सरकार पर लगाए आरोप

बलविंदर सिंह ने कहा कि अमेरिका में भी किसी ने मास्क नहीं पहना है। सरकार लोगों से पैसे एंठने के लिए मास्क अनिवार्य कर रही है। लोगों की समस्या सुनना स्वास्थ्य मंत्री का कर्तव्य था, लेकिन वह नहीं गए और उनके भाई ने समस्याएं सुनी।

संक्रमण

भारत और पंजाब में यह है कोरोना संक्रमण की स्थिति

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 89,706 नए मामले सामने आए और रिकॉर्ड 1,115 मरीजों की मौत हुई है। देश में कुल मामलों की संख्या 43,70,128 हो गई है, वहीं 73,890 लोगों की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामलों की संख्या 8,97,394 है। इसी तरह पंजाब में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 65,883 पर पहुंंच गई है और अब तक कुल 1,923 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 47,020 लोग ठीक हो चुके हैं।