Page Loader
दिल्लीः केजरीवाल का मजाक बनाने के लिए उनके भाषण के दौरान खांसने लगे भाजपा कार्यकर्ता

दिल्लीः केजरीवाल का मजाक बनाने के लिए उनके भाषण के दौरान खांसने लगे भाजपा कार्यकर्ता

Dec 28, 2018
12:15 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान असहज स्थिति का सामना करना पड़ा। दरअसल, केजरीवाल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और हर्षवर्धन के साथ यमुना सफाई को लेकर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। जैसे ही केजरीवाल ने अपना भाषण शुुरू किया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने खांसना और हूटिंग करना शुरू कर दिया। केजरीवाल ने उनसे शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन वे चुप नहीं हुए। इसके बाद गडकरी और हर्षवर्धन ने कार्यकर्ताओं को चुप कराया।

कार्यक्रम

यमुना सफाई को लेकर था कार्यक्रम

यह पूरा वाकया स्वच्छ गंगा राष्ट्रीय परियोजना और दिल्ली जल बोर्ड की ओर से यमुना सफाई को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान का है। इसमें गडकरी, केजरीवाल, हर्षवर्धन के अलावा मनीष सिसोदिया व दिल्ली के भाजपा सासंद भी शामिल हुए थे। जैसे ही केजरीवाल ने बोलना शुरू किया, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका मजाक बनाने के लिए खांसना शुरू कर दिया। इसके बाद गडकरी और हर्षवर्धन ने हस्तक्षेप किया। गडकरी ने कहा, 'शांत हो जाएं, यह सरकारी कार्यक्रम है।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

तारीफ

केजरीवाल ने की गडकरी की तारीफ

केजरीवाल ने कार्यक्रम के दौरान गडकरी की खूब तारीफ की। केजरीवाल ने कहा कि गडकरी ने उन्हें कभी महसूस नहीं होने दिया कि वह विरोधी दल के नेता हैं। गडकरी से मिल रहे सहयोग के बारे में केजरीवाल ने कहा कि यह संघीय प्रणाली का अच्छा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल चुनावों तक होनी चाहिए, उसके बाद केंद्र और राज्य सरकारों का ध्यान सिर्फ काम पर होना चाहिए।