Page Loader
पश्चिम बंगाल: भाजपा की रथ यात्रा में शामिल बस में हुई तोड़फोड़, TMC पर लगे आरोप

पश्चिम बंगाल: भाजपा की रथ यात्रा में शामिल बस में हुई तोड़फोड़, TMC पर लगे आरोप

Mar 16, 2021
07:52 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में 27 मार्च से आठ चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव की शुरुआत होगी। इसको लेकर चुनाव प्रचार चरम पर पहुंच गया है। राज्य में भाजपा और तृणमृल कांग्रेस (TMC) के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। इसी बीच मंगलवार को भाजपा द्वारा निकाली जा रही परिवर्तन रथ यात्रा के पुरलिया जिले के मनबाजार शहर पहुंचने पर कुछ लोगों ने यात्रा में शामिल बस में तोड़फोड कर दी। भाजपा ने इसके लिए TMC पर आरोप लगाया है।

यात्रा

भाजपा की ओर से पश्चिम बंगाल में निकाली जा रही है रथ यात्रा

भाजपा ने इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा रखा है। स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य में चुनाव की बागडोर संभाल रखी है। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार राज्य का दौरा कर चुके हैं। इसी बीच भाजपा ने राज्य के लोगों को मन बदलने के लिए रथ यात्रा भी निकाली है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों तक भाजपा द्वारा किए गए कार्यों को पहुंचाना है।

हमला

अभिषेक बनर्जी की रैली के बाद रथ यात्रा पर हुआ हमला

इंडिया टुडे के अनुसार मंगलवार को पुरुलिया के मनबाजार में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी की रैली थी। रैली के बाद शाम को भाजपा की रथ यात्रा जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करने के बाद मनबाजार पहुंची थी। उस दौरान अज्ञात लोगों ने रथयात्रा की बस पर हमला कर दिया। इससे बस के शीशे टूट गए और चालक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया।

बयान

भाजपा की रथ यात्रा को रोकने में सफल नहीं होगी TMC- मालवीय

मामले में भाजपा के अमित मालवीय ने कहा कि भाजपा की बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर सम्मान यात्रा रथ के साथ उस समय तोड़फोड़ की गई जब वह पुरुलिया में थी। घटना में बस चालक को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कोटुलपुर से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। TMC इसे रोकने में कभी सफल नहीं होगी। भाजपा राज्य में अपने मकसद में जरूर कामयाब होगी और उसे कोई नहीं रोक सकता है।

जानकारी

भाजपा प्रत्याशी ने कार्यकर्ताओं के साथ किया प्रदर्शन

रथ यात्रा पर हुए हमले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। मनबाजार से भाजपा उम्मीदवार गौरी सिंह सरदार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और हमले के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

हालात

मनबाजार में बनी हुई तनाव की स्थिति

मनबाजार में भाजपा की रथ यात्रा पर हमला होने के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। भाजपा और TMC समर्थक मौके पर जमा है। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और लोगों को एकत्र नहीं होने दिया जा रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद से लगातार हिंसा की खबरें आ रही हैं। कई जगह पर भाजपा और TMC समर्थक आमने-सामने हो चुके हैं।

हमला

ममता बनर्जी ने साधा भाजपा पर निशाना

इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांकुरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा सत्ता में आती है तो प्रदेश के लोगों के सभी अधिकारों का अंत हो जाएगा। इसी तरह भाजपा के सत्ता में आने पर वह सभी बैंकों को बंद कर देगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव के प्रचार में केंद्र पर अपने कर्तव्यों की अनदेखी करने और केंद्रीय मंत्रियों पर बेशर्मी का भी आरोप लगाया है।

चुनावी कार्यक्रम

बंगाल में आठ चरणों में होने हैं चुनाव

बंगाल की 294 सीटों पर 27 मार्च से 29 अप्रैल के बीच आठ चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं। नतीजे 2 मई को आएंगे। इन चुनाव में मुख्य टक्कर सत्तारूढ़ TMC और भाजपा के बीच मानी जा रही है। अभी तक बंगाल में छोटी पार्टी रही भाजपा इस बार TMC के किले में सेंध लगाने की तैयारी के साथ उतरी है और अमित शाह ने पार्टी को 200 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है।