Page Loader
उत्तर प्रदेश: भाजपा विधायक ने कहा- कोरोना वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है गोमूत्र

उत्तर प्रदेश: भाजपा विधायक ने कहा- कोरोना वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है गोमूत्र

May 09, 2021
06:13 pm

क्या है खबर?

जहां पूरा देश कोरोना वायरस से बचने के लिए वैक्सीन और दवाइयों की लाइन में लगा हुआ है, वहीं भाजपा के एक विधायक ने दावा किया है कि रोजाना गोमूत्र का सेवन करना इस वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है। उत्तर प्रदेश के बलिया से विधायक सुरेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालते हुए कहा है कि गोमूत्र की मदद से कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है और वह खुद इसका सेवन करते हैं।

वीडियो

लगातार 18 घंटे समाज में रहता हूं, फिर भी स्वस्थ- सुरेंद्र सिंह

अपने वीडियो में सुरेंद्र सिंह कह रहे हैं, "आप लोग देख रहे होंगे कि मैं स्वयं इस चीज (गोमूत्र) का सेवन करके आज स्वस्थ हूं... मैं रोज सुबह दातुन करने के बाद खाली पेट पांच ढक्कन (गोमूत्र) ठंडे पानी में मिलाकर पीता हूं। इसमें वैज्ञानिक तत्व क्या है, इसका ज्ञान मुझे नहीं है... यही सेवन करके मैं लगातार 18 घंटे समाज में रहता हूं, आप सबके बीच में रहता हूं, इसके बाद भी स्वस्थ हूं।"

दावा

"गोमूत्र के सेवन से पाया जा सकता है महामारी पर नियंत्रण"

विधायक कहते हैं, "मुझे अब इतना तक विश्वास हो गया है कि केवल गोमूत्र का सेवन करके कोरोना महामारी पर नियंत्रण पाया जा सकता है। भले विज्ञान इसे स्वीकार करे न करे। पूरी दुनिया में इतने वैज्ञानिक विकास के बावजूद जब लाखोें की संख्या में लोग मर रहे हैं तो मैं यही मानूंगा कि इस महामारी के सामने विज्ञान फेल हो चुका है। ऐसी स्थिति में इंसान को भगवान का भरोसा लेकर अपने पुरखों की परंपरा को स्वीकार करना चाहिए।"

तरीका

50 ml गोमूत्र में 100 ml पानी मिलाने की सलाह

अपने वीडियो में सुरेंद्र सिंह ने लोगों को गोमूत्र के सेवन का तरीका भी बताया है। उन्होंने लोगों से पंतजलि का पांच ढक्कन गोमूत्र पानी में मिलाकर इसका सेवन करने को कहा है। जिनके पास पतंजलि का गोमूत्र खरीदने के पैसे नहीं है, उनसे पड़ोस या गांव की किसी गाय का 50 ml गोमूत्र लेने और इसे 100 ml पानी में मिलाकर इसका सेवन करने को कहा है। उन्होंने खाली पेट इसका सेवन करने की सलाह दी है।

ट्विटर पोस्ट

देखें भाजपा विधायक का वीडियो

महामारी

उत्तर प्रदेश में क्या है कोरोना वायरस महामारी की स्थिति?

देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के कारण स्थिति खराब है। शनिवार को यहां 26,847 नए मामले सामने आए और 298 मरीजों की मौत हुई। इससे पहले यहां 30,000 से अधिक नए मामले भी सामने आ चुके हैं। राज्य में अभी तक कुल 14,80,315 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 9,997 मरीजों की मौत हुई है। राज्य में 30 अप्रैल से लॉकडाऊन जैसी पाबंदियां लगी हुई हैं।

राष्ट्रीय स्थिति

पूरे देश में महामारी की क्या स्थिति?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 4,03,738 नए मामले सामने आए और 4,092 मरीजों की मौत हुई। देश में कुछ दिनों से रोजाना चार लाख से अधिक लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,22,96,414 हो गई है। इनमें से 2,42,362 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 37,36,648 हो गई है।