Page Loader
कोरोना पॉजिटिव होने पर ममता को गले लगाने की बात कहने वाला भाजपा नेता हुआ संक्रमित

कोरोना पॉजिटिव होने पर ममता को गले लगाने की बात कहने वाला भाजपा नेता हुआ संक्रमित

Oct 02, 2020
05:40 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस से संक्रमित होने पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाने की बात कहने वाले भाजपा नेता को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है। बंगाल से भाजपा के नए राष्ट्रीय सचिव अनुपम हाजरा ने आज अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट करते हुए खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी। बेचैनी की समस्या होने के बाद उन्होंने टेस्ट कराया था। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विवादित बयान

अनुपम ने कहा था- संक्रमित हुआ तो ममता को गले लगा लूंगा

अनुपम ने रविवार को ममता बनर्जी को लेकर विवादित बयान दिया था जिसके कारण वे सुर्खियों में आए थे। उन्होंने कहा था, "अगर किसी दिन मुझे कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जाता है तो मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पास जाऊंगा और उन्हें गले लगा लूंगा। इसी के बाद वे उन लोगों का दर्द समझेंगी जो बीमारी से पीड़ित हुए हैं और महामारी के दौरान अपने प्रियजनों को खो चुके हैं।"

शिकायत

तृणमूल कांग्रेस ने दर्ज कराई है अनुपम के खिलाफ FIR

अनुपम के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सख्त आपत्ति जताई थी और पार्टी की शरणार्थी सेल ने उनके खिलाफ एक महिला और राज्य की मुखिया के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए पुलिस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में संविधान का उल्लंघन करते हुए एक सार्वजनिक हस्ती की छवि खराब करने और शिकायतकर्ताओं की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया था। ये शिकायत दार्जिलिंग के सिलीगुड़ी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी।

जानकारी

भाजपा ने भी बना ली थी बयान से दूरी

भाजपा नेताओं ने भी अनुपम के इस बयान दूरी बना ली थी। पार्टी के नए-नवेले उपाध्यक्ष मुकुल रॉय ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं को बोलने से पहले सोचना चाहिए।

नई जिम्मेदारी

विवादित बयान से एक दिन पहले ही सचिव बनाए गए थे अनुपम

बता दें कि अनुपम ने ये बयान उन्हें पार्टी सचिव की नई जिम्मेदारी मिलने के महज एक दिन बाद दिया था। उन्हें राहुल सिन्हा की जगह सचिव बनाया गया था जिन्होंने भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं पर दूसरी पार्टियों से आए नए-नवेले नेताओं को तरजीह दिए जाने पर आपत्ति जताई थी। दरअसल, अनुपम पहले TMC में थे और बोलपुर से सांसद भी रह चुके हैं। वह जनवरी, 2019 में भी भाजपा में शामिल हुए थे।

स्थिति

पश्चिम बंगाल में क्या है कोरोना वायरस महामारी की स्थिति?

पश्चिम बंगाल में अब तक 2.60 लाख से अधिक लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 5,017 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी है। अभी राज्य में 26,552 सक्रिय मामले हैं और 87.87 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में कोलकाता कोरोना वायरस का केंद्र बना हुआ है और यहां अब तक 57,081 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है।