Page Loader
'ऑपरेशन सिंदूर' की कामयाबी को भुनाएगी भाजपा, उपलब्धि बताने के लिए 10 दिवसीय तिरंगा यात्रा होगी
ऑपरेशन सिंदूर की उपलब्धियों को बताएगी भाजपा

'ऑपरेशन सिंदूर' की कामयाबी को भुनाएगी भाजपा, उपलब्धि बताने के लिए 10 दिवसीय तिरंगा यात्रा होगी

लेखन गजेंद्र
May 12, 2025
02:42 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान को पहलगाम हमले के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' से जवाब देने वाली भारतीय सेना की उपलब्धियों को बताने के लिए भाजपा आने वाले दिनों में अभियान शुरू करेगी। भाजपा इस ऑपरेशन की उपलब्धि और उद्देश्य जनता को बताने के लिए 10 दिवसीय तिरंगा यात्रा निकालेगी, जो 13 से 23 मई तक आयोजित की जाएगी। भाजपा तिरंगा यात्रा देश के सभी प्रदेशों की राजधानी, जिले और संभाग समेत कई स्तर पर वृहद स्तर पर निकालेगी।

अभियान

देश भर में बड़े नेता करेंगे रैलियां

तिरंगा यात्रा का संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुघ जैसे वरिष्ठ नेता समन्वय करेंगे, जबकि पार्टी के शीर्ष नेता और मंत्री देश भर में रैलियों का नेतृत्व करेंगे। बताया जा रहा है कि अभियान की रणनीति तैयार करने के लिए रविवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के आवास पर बैठक हुई थी। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत भाजपा महासचिव भी शामिल थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी चर्चा हुई थी।

बैठक

पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा बजा चुकी है बिगुल

भाजपा ने सोमवार से ही इस अभियान को अप्रत्यक्ष रूप से शुरू कर दिया है। सोमवार को भाजपा नेता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सशस्त्र बलों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और 'ऑपरेशन सिंदूर' की शुरुआत से अब तक के घटनाक्रम को बताया। भाजपा सांसद पात्रा ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के हमले के बाद जवाब में आतंकी शिविरों पर और 11 पाकिस्तानी एयरबेसों पर हमला कर उनको नुकसान पहुंचाया है।