ओलपिंक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल हुईं भाजपा में शामिल

ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल भाजपा में शामिल हो गई हैं। उनका भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है और वो पार्टी के लिए दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचार भी कर सकती हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शानदार प्रदर्शन के बलबूते कई बार देश का नाम रोशन कर चुकीं सायना को देशभर में लोग पहचानते हैं और सही मायनों में वो महिला सशक्तिकरण का असली चेहरा हैं।
Badminton player @NSaina joins BJP in the presence of BJP National General Secretary Shri @ArunSinghbjp. pic.twitter.com/b6NEnDBMUT
— BJP (@BJP4India) January 29, 2020
दुनिया और भारत में बैडमिंटन के सबसे बड़े खिलाड़ियों में शामिल सायना नेहवाल अब तक 24 से अधिक अंतररष्ट्रीय टूर्नामेंट जीत चुकी हैं। उन्होंने अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि तब हासिल की थी जब 2012 लंदन ओलंपिक में उन्होंने कास्यं पदक जीता। वो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं थीं। इसके अलावा वो विश्व चैंपियनशिप और एशियन खेलों में भी पदक जीत चुकी हैं और दुनिया की नंबर एक और नंबर दो खिलाड़ी रह चुकी हैं।
सायना को देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न' से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें अर्जुन अवॉर्ड भी मिल चुका है। इसी 25 जनवरी को उन्हें देश के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है।
सायना कई बार ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुकी हैं और इस कारण उनका झुकाव भाजपा की तरफ माना जाता रहा है। लेकिन कई बार उन्हें विवादों का सामना भी करना पड़ा है। हाल ही में जब प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान की रैली में नागरिकता कानून (CAA) पर अपने तर्क रखे थे, तब सायना ने उनके भाषण की तारीफ करते हुए ट्वीट किया था जो अन्य कई लोगों के ट्वीट से बिल्कुल मिलता था।
इससे पहले सायना ने महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की भी ट्वीट कर प्रशंसा की थी। हालांकि उनका ये ट्वीट भी बाकी महिला खिलाड़ियों के ट्वीट से बिल्कुल मिलता-जुलता था।
सायना से पहले कई अन्य बड़े खिलाड़ी भी बीते एक साल में भाजपा में शामिल हो चुके हैं। सबसे पहले 2011 विश्व कप जीतने वाली टीम में शामिल रहे क्रिकेटर गौतम गंभीर लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए थे और वो अभी पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। इसके अलावा ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीत चुकीं महिला पहलवान बबिता फोगाट हरियाणा विधानसभा चुनाव के समय भाजपा में शामिल हुए थे।