Page Loader
आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, चौथी बार संभाली सत्ता
चंद्रबाबू नायडू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

आंध्र प्रदेश: चंद्रबाबू नायडू ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, चौथी बार संभाली सत्ता

लेखन गजेंद्र
Jun 12, 2024
11:43 am

क्या है खबर?

आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भारी जीत दर्ज करने वाले तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। उनको प्रदेश के राज्यपाल सैय्यद अब्दुल नजीर ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन विजयवाड़ा में केसरपल्ली आईटी पार्क में किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण

पवन कल्याण ने भी ली शपथ

नायडू के साथ सरकार में उनकी सहयोगी जनसेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने भी शपथ ली है। उनको उपमुख्यमंत्री का पद दिए जाने की चर्चा है। इसके अलावा नायडू के बेटे नारा लोकेश समेत TDP के वरिष्ठ नेताओं को भी शपथ दिलाई गई है। अभी विभागों को बंटवारा नहीं हुआ है। नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में उनके परिवार के लोग भी शामिल रहे। आईटी पार्क भी पार्टी समर्थकों से खचाखच भरा रहा।

चुनाव परिणाम

TDP ने जीती हैं सबसे अधिक सीटें

आंध्र में चुनाव से पहले भाजपा ने नायडू की TDP और फिल्म अभिनेता पवन कल्याण की जन सेना पार्टी के साथ गठबंधन किया था। चुनाव परिणाम आने के बाद TDP को राज्य की 175 में से 135 सीट, जन सेना को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली हैं। YSR कांग्रेस को 11 सीटों पर संतोष करना पड़ा। नायडू 1995-2004 तक राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2014 में तेलंगाना बनने के बाद नायडू आंध्र के पहले मुख्यमंत्री बने थे।