अखिलेश यादव ने महिलाओं को 40,000 रुपये देने का वादा किया, बताया ये गणित
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक बार फिर से समाजवादी पेंशन शुरू करने का वादा किया है। उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर झंडारोहण करने के बाद कहा कि 2027 के चुनाव में अगर उनकी सरकार बनती है तो महिलाओं को 40,000 रुपये सालाना पेंशन दी जाएगी। पार्टी प्रमुख अखिलेश यह रुपये कैसे देंगे, इसका भी गणित समझाया। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर तंज भी कसा।
बयान
जब उद्योगपति को पैसा दे सकते हैं तो गरीबों को क्यों नहीं- अखिलेश
अखिलेश ने कहा, "पार्टी ने पहले भी महिलाओं को समाजवादी पेंशन 500 रुपये दी थी। पेंशन फिर बढ़कर शुरू करेंगे। हम लोगों ने अभी-अभी तय किया है। 40,000 रुपये सालाना माताओं-बहनों को देंगे। 3,000 रुपये के हिसाब से 12 महीनों में 36,000 रुपये हुए, लेकिन जो इतने साल का ब्याज 4,000 रुपये मिलाकर 40,000 रुपये देंगे। जब आप बड़े-बड़े उद्योगपतियों का 10 लाख करोड़ रुपये माफ कर सकते हैं, तो वही पैसा बचाकर हम अपनी माताओं-बहनों और गरीबों को देंगे।"
निशाना
भाजपा सरकार पर निशाना, कहा- 1,500 रुपये नहीं दिए, 50,000 क्या देंगे
अखिलेश ने राज्य की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार को भी निशाने पर लिया और वादा खिलाफी का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विधानसभा में कहा था कि माताओं-बहनों और बुजुर्गों को 1,500 रुपये देंगे, जो लोग 15,000 रुपये नहीं दे पाए, वो लोग 40,000-50,000 रुपये देंगे, वो भी किस्त में देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि ये कह रहे हैं कि पहले आधा देंगे फिर सरकार बनने पर आधा देंगे, इनकी बात पर कौन भरोसा करेगा।
ट्विटर पोस्ट
अखिलेश यादव का बयान
"समाजवादी पेंशन पुनः शुरू की जाएगी और 40 हजार रुपए साल अपनी माताओं बहनों को देने का काम समाजवादी सरकार में होगा।"
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 15, 2026
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/rUZjD2tTcC
ट्विटर पोस्ट
भाजपा पर निशाना
"जो 1.5 हजार रुपए नहीं दे पाए, वो 50 हजार रुपए देंगे? इनकी किसी बात पर भरोसा मत करना।"
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) August 15, 2026
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/HfaU7bWFsD