LOADING...
स्वास्तिक विवाद में AAP की सफाई, हिंदू और नाजी प्रतीकों में फर्क समझे भाजपा

स्वास्तिक विवाद में AAP की सफाई, हिंदू और नाजी प्रतीकों में फर्क समझे भाजपा

Mar 25, 2019
03:03 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पिछले हफ्ते किए गए एक ट्वीट को लेकर विरोध का सामना कर रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को इस पर सफाई जारी की। पार्टी ने कहा कि केजरीवाल का ट्वीट केवल जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर पर निशाना साधने के लिए था। केजरीवाल द्वारा ट्वीट की गई तस्वीर में उनकी पार्टी के चुनाव चिन्ह 'झाडू' को एक स्वास्तिक का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।

मामला

केजरीवाल ने 20 मार्च को ट्वीट की थी विवादित तस्वीर

दरअसल, 20 मार्च को केजरीवाल ने एक तस्वीर ट्वीट की थी, जो उन्हें किसी ने फॉरवर्ड की थी। तस्वीर में झाडू एक स्वास्तिक का पीछा कर रही है। केजरीवाल को जल्द ही अपने इस ट्वीट पर भारी विरोध का सामना करना पड़ा और भाजपा नेताओं ने इसे हिंदू धर्म का अपमान बताया। दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, "यह देखकर दुख होता है कि कैसे सत्ता के लालची केजरीवाल हिंदूओं और हिंदुत्व का अपमान कर रहे हैं।"

ट्विटर पोस्ट

केजरीवाल के ट्वीट पर तिवारी का पलटवार

Advertisement

सफाई

AAP की सफाई, हिटलर पर था हमला

इसके बाद रविवार को AAP ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि भाजपा AAP द्वारा हिंदुओं का अपमान करने की झूठी कहानी गढ़ रही है। बयान में कहा गया, "ट्वीट हिटलर और उसके काम करने के तरीकों पर हमला था। भाजपा को सबसे पहले हिंदू और नाजी प्रतीकों में अंतर समझना चाहिए।" बता दें कि स्वास्तिक एक हिंदू प्रतीक है और इसका इस्तेमाल हिटलर की नाजी सेना द्वारा किया जाता था।

Advertisement

राजनीति

केजरीवाल की शिकायत ले चुनाव आयोग पहुंची भाजपा

AAP ने कहा कि नाजी प्रतीक को अपना बताकर भाजपा मूर्खता कर रही है। पार्टी ने अपने बयान में कहा, "भाजपा को हिंदुओं को हिटलर से जोड़ कर दिल्ली के मुख्यमंत्री पर हमला करने के लिए हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।" वहीं, भाजपा केजरीवाल के ट्वीट को लेकर चुनाव आयोग पहुंच चुकी है और उसका दावा है कि यह आचार संहिता का उल्लंघन करता है। भाजपा का आरोप है कि तस्वीर का उद्देश्य सांप्रदायिक सौहार्द्र को बिगाड़ना था।

नाराजगी

अन्य लोग भी हैं केजरीवाल से नाराज

केजरीवाल के ट्वीट से भाजपा नेताओं के अलावा अन्य कई लोग भी बेहद नाराज हुए थे। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट वकील अलख आलोक श्रीवास्तव ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक को पत्र लिखकर केजरीवाल पर हिंदुओं की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था। उन्होंने केजरीवाल पर धारा 295A, 153A, 153, 504 और 505 के तहत मामला दर्ज करने की अपील करते हुए कहा था कि इस तस्वीर से नफरत को बढ़ावा मिलेगा।

Advertisement