दिल्ली: आम आदमी पार्टी की विधायक आतिशी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई
क्या है खबर?
आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक आतिशी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। फिलहाल आतिशी पूरी तरह ठीक हैं।
उनके साथ-साथ पार्टी से जुड़े अक्षय मराठे में भी कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है।
पार्टी के विधायक और वरिष्ठ नेता सौरभ अग्रवाल ने ट्वीट कर दोनों के जल्द ठीक होने की उम्मीद जताई है।
बता दें कि आतिशी पार्टी का प्रमुख चेहरा हैं और दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में सुधारों में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
राजनीति
कालकाजी से विधायक हैं आतिशी
बता दें कि आतिशी पहली बार विधायक चुनी गई हैं। दिल्ली विधानसभा में वो कालकाजी का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने 2019 में लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन भाजपा उम्मीदवार गौतम गंभीर से हार गईं।
दिल्ली के मशहूर कॉलेज सेंट स्टीफंस को टॉप करने वाली आतिशी ने स्कॉलरशिप हासिल कर ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से भी पढ़ाई की है।
AAP से जुड़ने से पहले वह शिक्षा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर काम कर चुकी हैं।
कोरोना वायरस
दिल्ली में अब तक 1,800 से ज्यादा मौतें
बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है।
दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या 45,000 की तरफ बढ़ रही है और यह देश में कोरोना से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्यों में बना हुआ है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, यहां अब तक 44,688 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें से 26,351 सक्रिय मामले हैं, 16,500 ठीक हुए हैं और 1,837 लोग इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं।
दिल्ली
कोरोना के लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए सत्येंद्र जैन
हाल ही में दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती हुए थे।
उन्हें अचानक तेज बुखार और ऑक्सीजन स्तर में कमी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले उन्होंने कई उच्च स्तरीय बैठकों में भाग लिया था।
अस्पताल में उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था। राहत की बात यह है कि उनकी कोरोना वायरस टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
जानकारी
मुख्यमंत्री केजरीवाल में भी दिखे थे कोरोना के लक्षण
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत भी कुछ दिन पहले खराब हुई थी। कोरोना वायरस के लक्षण दिखने के बाद उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया था, जिसके बाद उनका कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। इसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी।
संक्रमण
देश में भी फैलता जा रहा है कोरोना का प्रकोप
दिल्ली के साथ-साथ पूरे देश में कोरोना वायरस का प्रकोप लगातार फैलता जा रहा है।
बुधवार तक देश में कोरोना वायरस के कुल 3,54,065 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 1,86,935 (लगभग 53 प्रतिशत) लोग ठीक हुए हैं और 11,903 लोगों की मौत हुई है।
देश में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और दिल्ली कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य हैं। अकेले महाराष्ट्र में 1.13 लाख लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं।