Page Loader
होली में रंग लग जाए तो इन सात आसान तरीकों से छुड़ाएँ, नहीं होगा कोई नुकसान

होली में रंग लग जाए तो इन सात आसान तरीकों से छुड़ाएँ, नहीं होगा कोई नुकसान

Mar 18, 2019
12:54 pm

क्या है खबर?

होली का त्योहार अब न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में मनाया जाता है। इस दिन पूरा देश तरह-तरह रंगों में डूब जाता है। होली के कुछ दिन पहले से शुरू होकर रंग पंचमी तक इस त्योहार की धूम देखी जा सकती है। रंग लगाते या लगवाते समय मज़ा तो बहुत आता है, लेकिन जब छुड़ाने की बारी आती है, तो हालत ख़राब हो जाती है। आज हम आसानी से रंग छुड़ाने के कुछ उपायों के बारे में बताएँगे।

उपाय 1 और 2

गहरे से गहरा रंग भी छूट जाता है इस उपाय से

गहरा रंग लग जाए तो चिंता न करें, बेसन में नींबू मिलाकर उसका पेस्ट बनाएँ और उसे रंग प्रभावित जगह पर लगाएँ। 15-20 मिनट त्वचा पर लगाकर छोड़ने के बाद गुनगुने पानी से हाथ-मुँह धो लें। खीरे का रस और थोड़ी मात्रा में गुलाब जल लें। अब उसमें एक चम्मच सिरका मिलाएँ। अच्छे से पेस्ट तैयार करने के बाद इससे चेहरे को साफ़ करें। इससे चेहरे के दाग-धब्बे भी दूर हो जाएँगे और त्वचा खिली-खिली दिखेगी।

उपाय 3 और 4

मूली के रस से छुड़ाएँ गहरा रंग

मूली के रस में दूध, बेसन या मैदा मिलाकर पेस्ट बनाएँ और उसे कुछ देर तक रंग प्रभावित जगह पर लगाएँ। थोड़ी देर बाद गुनगुने पानी से चेहरा साफ़ कर लें, रंग आसानी से छूट जाएगा। अगर आपकी त्वचा पर बहुत गहरा रंग लग जाए तो आप दो चम्मच जिंक ऑक्साइड और दो चम्मच अरंडी का तेल मिलाकर पेस्ट बनाएँ और उसे चेहरे पर लगाएँ। कुछ समय ऐसे ही छोड़ने के बाद चेहरे को अच्छे से साबुन से धो लें।

जानकारी

रंग छुड़ाने में फ़ायदेमंद है जौ का आटा

रंग लगने के बाद जौ के आटे में बादाम का तेल मिलाकर पेस्ट तैयार करें और इसे चेहरे पर लगाकर रंग साफ़ करें। यह स्क्रब की तरह काम करेगा और गहरे से गहरे रंग को पलभर में साफ़ कर देगा।

उपाय 6 और 7

संतरे के छिलके से भी छुड़ा सकते हैं गहरा रंग

गहरा रंग छुड़ाने के लिए दूध में थोड़ा कच्चा पपीता पीसकर मिलाएँ। अब थोड़ी मात्रा में मुल्तानी मिट्टी और थोड़ा सा बादाम तेल मिलाकर स्क्रब करें और आधे घंटे बाद चेहरा धो लें। रंग आसानी से साफ़ हो जाएगा। इसके अलावा संतरे के छिलके में मसूर दाल व बादाम को दूध में पीसकर पेस्ट बनाएँ। अब इस पेस्ट को उबटन की तरह पूरे चेहरे पर लगाएँ। इससे आपकी त्वचा साफ़ होगी और पूरी त्वचा पर निखार आएगा।