Page Loader
गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को घुमाने के लिए कम खर्च में जाएँ इन जगहों पर

गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को घुमाने के लिए कम खर्च में जाएँ इन जगहों पर

Mar 30, 2019
06:50 pm

क्या है खबर?

गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। कुछ ही दिनों में बच्चों के स्कूलों की छुट्टियाँ भी हो जाएँगी। बच्चों की गर्मी की छुट्टियाँ शुरू होते ही लोग गर्मी से राहत पाने के लिए किसी ठंडी जगह पर घूमने चले जाते हैं। आप भी इस गर्मी में अपने बच्चों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आज हम आपको भारत की पाँच ऐसी जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहाँ आप आसानी से घूम सकते हैं।

जगह 1

इस गर्मी राहत पाने के लिए जाएँ नैनीताल

भारत में घूमने की कई मशहूर जगहें हैं, उन्ही में से नैनीताल भी एक है। दिल्ली में रहते हैं और आस-पास कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो नैनीताल आपके लिए सही जगह है। गर्मी से राहत पाने के लिए आप अपने बच्चों के साथ नैनीताल घूमने की योजना बना सकते हैं। वहाँ आप झील और शोरगुल से दूर प्रकृति का आनंद ले सकते हैं। नैनीताल में आप भीम ताल, सात ताल जैसी झीलों का मज़ा ले सकते हैं।

जगह 2

नामिक रामगंगा वैली की सुंदर वादियाँ मोह लेंगी आपका मन

भारत में देवभूमि के नाम से मशहूर उत्तराखंड अपने प्राकृतिक वातावरण के लिए जाना जाता है। यहाँ के पिथौरागढ़ जिले में रामगंगा नाम की नदी है। इस क्षेत्र में ऊँची और सुंदर वादियाँ हैं। यहाँ की सबसे मशहूर जगह नामिक रामगंगा वैली, नंदा देवी और त्रिशूल के कई गाँवों के बीच स्थित है। यह क्षेत्र अपनी परंपराओं और कलाओं के लिए जाना जाता है। अगर आप धार्मिक हैं, तो यहाँ के कई प्राचीन मंदिर आप घूम सकते हैं।

जगह 3

बहुत ख़ूबसूरत हिल स्टेशन है रानीखेत

उत्तराखंड में ही एक और बहुत ख़ूबसूरत जगह रानीखेत है। यह अपनी अद्भुत सुंदरता और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए पूरे भारत में प्रसिद्ध है। यह भारत का एक प्रमुख हिल स्टेशन है। रानीखेत, उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में स्थित है। यहाँ पर कई फिल्मों की शूटिंग भी हो चुकी है। दिल्ली से नज़दीक होने की वजह से यहाँ पर्यटकों का ताँता लगा रहता है। इस गर्मी आप बच्चों के साथ रानीखेत की वादियों का मज़ा ले सकते हैं।

जगह 4

धर्मशाला के प्राकृतिक नज़ारे करेंगे आपको आकर्षित

गर्मियों में घूमने के लिए केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि हिमाचल भी लोगों की पसंदीदा जगहों में से एक है। हिमाचल में घूमने-फिरने की कई जगहें हैं, जहाँ आप बहुत कम खर्च में आसानी से घूम सकते हैं। धर्मशाला भी इन्ही में से एक है, जो पर्यटकों को अपनी तरफ़ आकर्षित करता है। धर्मशाला में केवल भारत के ही नहीं बल्कि विदेश से भी पर्यटक पहुँचते हैं। यहाँ के प्राकृतिक नज़ारे और मठ आपको ज़रूर आकर्षित करेंगे।

जगह 5

पूर्वी भारत का स्कॉटलैंड है शिलांग

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शिलांग को पूर्वी भारत का स्कॉटलैंड कहा जाता है। यह भारत के पूर्वोत्तर में बसा मेघालय राज्य का एक बहुत ख़ूबसूरत शहर है, जो पहाड़ियों पर बसा हुआ है। यह अपने प्राकृतिक नज़ारों के लिए जाना जाता है। इस वजह से यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। शिलांग पहले असम की राजधनी हुआ करता था, लेकिन असम से विभाजन के बाद यह मेघालय की राजधनी बना।