Page Loader
इस उम्र में भी इतने फिट हैं अक्षय कुमार, जानें उनकी डाइट और फिटनेस का राज

इस उम्र में भी इतने फिट हैं अक्षय कुमार, जानें उनकी डाइट और फिटनेस का राज

Feb 25, 2019
08:50 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार 51 साल की उम्र में भी गजब के फ़ुर्तीले और जोश से भरे हुए रहते हैं। अक्षय बॉलीवुड में अपनी लाइफस्टाइल की वजह से जाने जाते हैं। बढ़ती उम्र के साथ अक्षय ज़्यादा यंग और हैंडसम नज़र आ रहे हैं। ज़्यादातर युवा अक्षय की फिट बॉडी के दीवाने हैं। ऐसे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस उम्र में भी अक्षय ख़ुद को किस तरह से इतना फिट रखते हैं।

दिनचर्या

ऐसे शुरू होता है अक्षय कुमार का दिन

अक्षय अपनी फिटनेस को लेकर ज़्यादा समर्पित हैं। यही वजह है कि वह हर रोज़ सुबह 4-5 बजे उठ जाते हैं और रात में नौ बजे तक सो जाते हैं। अक्षय रात के समय काम करने से बचते हैं। अक्षय अपनी क्षमता को बढ़ाने के लिए सप्ताह में 2-3 बार बास्केटबॉल खेलते हैं। समय मिलने पर अक्षय बेटे के साथ स्वीमिंग करना पसंद करते हैं। यही वजह है की अक्षय पूरे दिन ऊर्जा से भरे रहते हैं।

जानकारी

जिम जाना पसंद नहीं करते अक्षय कुमार

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अक्षय को जिम जाना पसंद नहीं है। वह ख़ुद को फिट रखने के लिए बॉक्सिंग, शैडो बॉक्सिंग करते हैं। इसके अलावा वो जॉगिंग, बैडमिंटन खेलना और ट्रैकिंग करना पसंद करते हैं।

डाइट

अक्षय कुमार नाश्ते से डिनर में लेते हैं यह

सुबह के नाश्ते में अक्षय पराठा, एक गिलास दूध, जूस या मिल्क शेक और अंडे लेते हैं। सनैक्स के तौर पर वो फल, सूखे मेवे और मिक्स हरी सब्ज़ियाँ खाते हैं। अक्षय का लंच बहुत संतुलित होता है। लंच में वो दाल, रोटी, हरी सब्ज़ियाँ, उबला हुआ चिकन और दही खाना पसंद करते हैं। डिनर में अक्षय सूप, हरी सब्ज़ियाँ और सलाद खाते हैं। अक्षय सात बजे तक डिनर कर लेते हैं। उन्हें ब्राउन राइस खाना पसंद है।

लाइफस्टाइल

शराब और सिगरेट से कोसों दूर रहते हैं अक्षय कुमार

शराब और सिगरेट के बारे में सभी लोग जानते हैं कि ये शरीर को नुकसान पहुँचाने का काम करते हैं। अक्षय का भी मानना है कि ये सेहत को ख़राब कर देते हैं। इससे कई बीमारियाँ होती हैं और जल्द ही उम्र लगने लगती है। इस वजह से अक्षय इन चीज़ों से दूर रहते हैं। अक्षय को चाय और कॉफ़ी पीना भी पसंद नहीं है। कॉफ़ी और चाय में कैफ़ीन पाया जाता है, जो शरीर को नुकसान पहुँचाता है।

जानकारी

लंबे समय के लिए नुकसानदायक होता है प्रोटीन शेक

अक्षय प्रोटीन शेक नहीं लेते हैं। उनका मानना है कि इससे लंबे समय में नुकसान होता है। वो चीनी और नमक भी सीमित मात्रा में लेते हैं। अक्षय दिनभर में 4-5 लीटर पानी पीते हैं।