LOADING...
चेहरे और कपड़ों पर लग गया है रंग तो परेशान होने की बजाय ऐसे छुड़ाएँ

चेहरे और कपड़ों पर लग गया है रंग तो परेशान होने की बजाय ऐसे छुड़ाएँ

Mar 22, 2019
12:30 pm

क्या है खबर?

होली का त्योहार रंगों का त्योहार है। कल पूरे देश में धूम-धाम से होली मनाई गई। होली का यह ख़ुमार रंग पंचमी तक देखने को मिलेगा। होली खेलने में तो बड़ा मज़ा आता है, लेकिन जब होली के रंग चेहरे और कपड़ों पर लग जाते हैं तो मुसीबत हो जाती है। आपके कपड़े और चेहरे पर भी रंग लगे होंगे। ऐसे में जानते हैं कुछ आसान उपाय, जिसे अपनाकर आप आसानी से होली के रंगों से छुटकारा पा सकते हैं।

उपाय 1

ठंडे पानी से छुड़ाएँ रंग

ज़्यादातर लोग यही सोचते हैं कि गर्म या गुनगुना पानी रंग छुड़ाने के लिए ज़्यादा फ़ायदेमंद होता है, लेकिन सच्चाई यह है कि गर्म पानी से चेहरे पर लगे रंग और भी गहरे हो जाते हैं। ऐसे में चेहरे पर लगे रंगों को आसानी से छुड़ाने के लिए आपको ठंडे पानी का इस्तेमाल करना चाहिए। अगर आपके चेहरे पर रंग अभी तक लगा हुआ है तो उसे ठंडे पानी से छुड़ाने की कोशिश करें, रंग जल्दी ही उतर जाएगा।

उपाय 2

पपीते के पेस्ट और नींबू के रस से छुड़ाएँ गहरा रंग

शहद और पपीते का पेस्ट बनाकर इसे मुल्तानी मिट्टी में मिला लें। अब इस पेस्ट को शरीर के उन हिस्सों पर लगाएँ, जहाँ होली के ज़िद्दी रंग लगे हुए हैं। इससे धीरे-धीरे रंग छूट जाएगा। नींबू का रस गहरे और ज़िद्दी रंगों को छुड़ाने में असरदार है। आप इसमें शहद भी मिला सकते हैं। रंग छुड़ाने के लिए आप दही, बेसन, हल्दी, ऑलिव ऑयल और नींबू का रस मिलाकर उबटन बनाएँ और रंग वाली जगह पर लगाएँ।

जानकारी

रंग छुड़ाने में पेट्रोलियम जेली भी है कारगर

रंग छुड़ाने के लिए पेट्रोलियम जेली भी एक बाहुत अच्छा उपाय है। कॉटन के कपड़े में थोड़ा पेट्रोलियम जेली लगा लें। अब जहाँ-जहाँ रंग लगा हो, वहाँ-वहाँ इसे लगाएँ। बाद में साफ कपड़े को गीला करके पोंछ दें।

उपाय 4

नींबू और बर्तन धोने वाले साबुन से छुड़ाएँ कपड़े का रंग

अगर आपके कपड़े पर रंग लग गया है तो वहाँ नींबू का रस डाल दें। इसके बाद कपड़े को साफ करें, रंग निकल जाएगा। वहीं कपड़े से ज़िद्दी रंग को छुड़ाने के लिए बर्तन धोने वाले साबुन का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। डिशवॉश से भी कपड़ों के रंग को साफ किया जा सकता है। इसके अलावा नेलपेंट रिमूवर का इस्तेमाल करके भी कपड़े से ज़िद्दी रंगों को छुड़ाया जा सकता है। इससे रंग आसानी से उतर जाते हैं।

उपाय 5

दही और टूथपेस्ट भी कपड़े का रंग छुड़ाने में है असरदार

दही कपड़ों के रंग को छुड़ाने में कारगर होता है। रंग छुड़ाने के लिए सबसे पहले कपड़ों को दही में भिगोकर रख दें। कुछ देर बाद रंग वाले जगह को हाथों से रगड़ें और धो दें। इसके अलावा कपड़ों से ज़िद्दी रंग निकालने के लिए आप टूथपेस्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। कपड़े पर जहाँ रंग लगा हो, वहाँ टूथपेस्ट लगाएँ। जब टूथपेस्ट सूख जाए तो कपड़े को साबुन से धो दें। इससे ज़िद्दी रंग छूट जाते है।