पश्चिम बंगाल: कौन है कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, जिनको डॉक्टरों ने हटाने की मांग रखी?
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के रेप और हत्या के बाद राज्य सरकार और डॉक्टरों के बीच 1 महीने से गतिरोध जारी है।
सोमवार शाम को आंदोलनकारी डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ उनके आवास पर बैठक की, जिसमें डॉक्टरों ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त विनीत गोयल और स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के निदेशक को हटाने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने उनकी मांग मान ली है।
विरोध
डॉक्टरों ने क्यों मांगा विनीत गोयल का इस्तीफा?
9 अगस्त को मेडिकल कॉलेज में महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद डॉक्टरों ने विरोध शुरू कर दिया और काम बंद करके हड़ताल पर चले गए।
कोलकाता पुलिस पर मामले की जांच में लापरवाही के आरोप लगे। इसके बाद 14 अगस्त की रात उपद्रवियों की भीड़ ने कॉलेज परिसर में घुसकर प्रदर्शनकारी डॉक्टरों पर हमला कर दिया।
मामले में पुलिस आयुक्त विनीत गोयल के खिलाफ डॉक्टरों का गुस्सा भड़क उठा। साथ ही सबूतों से छेड़छाड़ का आरोप लगा।
पहचान
कौन हैं विनीत गोयल?
वरिष्ठ IPS अधिकारी विनीत गोयल ने दिसंबर 2021 में कोलकाता के शीर्ष पुलिस अधिकारी की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त सौमेन मित्रा की जगह ली थी।
1994 बैच के अधिकारी गोयल IIT खड़गपुर और IIT कानपुर के पूर्व छात्र हैं। अपने करियर में उन्होंने कई पदों पर कार्य किया, जिसमें यातायात के लिए संयुक्त पुलिस आयुक्त भी शामिल हैं।
गोयल को 2 बार वीरता, सराहनीय सेवा और उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक और मुख्यमंत्री पदक मिल चुका है।
जानकारी
आज शाम 4 बजे नए पुलिस आयुक्त की घोषणा होगी
मुख्यमंत्री बनर्जी ने बैठक में कहा कि पुलिस आयुक्त गोयल खुद ही पद छोड़ना चाहते थे। गोयल ने बैठक में कहा कि वह इस्तीफा देने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने बताया कि कोलकाता के नए पुलिस आयुक्त की घोषणा मंगलवार शाम 4 बजे होगी।