Loading...
कौन है गैंगस्टर अनिल पंडित, जिसने ली है टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी?
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली है टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी

कौन है गैंगस्टर अनिल पंडित, जिसने ली है टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी?

Oct 19, 2026
06:13 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में हुए जानलेवा हमले के बाद अंडरवर्ल्ड का एक नया नाम अनिल पंडित सुर्खियों में आ गया है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े और अमेरिका (कैलिफोर्निया) से गिरोह संचालित करने के संदिग्ध 32 वर्षीय इस गैंगस्टर ने सोशल मीडिया और एक ऑडियो संदेश के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। आइए जानते हैं कि आखिर गैंगस्टर अनिल पंडित कौन हैं और उसके खिलाफ कौनसे बड़े मुकदमे दर्ज हैं।

हमला

टाइगर पर हमला और जिम्मेदारी

रविवार को मुंबई के जुहू में 3 मोटरसाइकिल सवारों ने टाइगर की BMW कार पर अंधाधुंध फायरिंग की थी।

हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए, लेकिन उनका चालक और एक ऑटो चालक घायल हो गया।

इसके बाद गैंगस्टर पंडित ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं अनिल पंडित हूं, लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई। आज मुंबई में टाइगर श्रॉफ के साथ जो कुछ भी हुआ, उसकी जिम्मेदारी मैं और मेरे बड़े भाई हरमन संधू लेते हैं।'

परिचय

कौन है गैंगस्टर अनिल पंडित?

32 वर्षीय पंडित मूल रूप से हरियाणा के पानीपत जिले के एक गांव का निवासी है।

NDTV के अनुसार, वह 2023 में भारत छोड़कर पहले कनाडा चला गया था और फिर बाद में लॉरेंस से जुड़े गैंगस्टर रणदीप मलिक के संपर्क में आने के बाद अवैध रूप से अमेरिका चला गया।

वह लाॅरेंस गिरोह में शामिल हो गया और कैलिफोर्निया से अपना गिरोह संचालित करता है। ऑनलाइन संदेशों में उसने 'अनिल पंडित USA' नाम का भी इस्तेमाल किया है।

ADVERTISEMENT

जानकारी

पंडित क्यों करता है नाम में USA का इस्तेमाल?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पंडित अपने नाम के आगे 'USA' इसलिए जोड़ता हैं ताकि वह भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की पहुंच से दूर दिख सकें और व्यापारियों के साथ अन्य लक्ष्यों को आसानी से डराकर जबरन वसूली कर सके।

ADVERTISEMENT

गोलीबारी

गुरु रंधावा के जिम पर गोलीबारी में सामने आया था पंडित का नाम

पंडित का नाम जून 2026 में 2 बंदूकधारियों के दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में 24HS फिटनेस जिम के बाहर 7 राउंट गोलीबारी किए जाने के बाद सामने आया था।

पंजाबी गायक गुरु रंधावा इस जिम के ब्रांड एंबेसडर हैं। घटना के बाद पंडित समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।

दिल्ली पुलिस ने मामले में आरमान और तुषार को विदेशी हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। हमले का कारण रंधावा का सलमान खान के साथ काम करना था।

अन्य

अन्य गोलीबारी की घटनाओं से क्या है पंडित का संबंध?

दिल्ली हमले के 15 दिन बाद पुणे में एक बड़े ज्वेलर पर गोलीबारी कराई गई थी, जिसमें महाराष्ट्र पुलिस ने राजस्थान के हनुमानगढ़ से आए शूटरों को दबोचा था, जिनका संबंध पंडित और शुभम लोनकर से निकला।

हरियाणा के मशहूर गायक दिलेर खरकिया की कार पर भी फिरौती न देने के कारण पंडित समूह ने गोलियां चलवाई थीं, जिसके बाद हरियाणा विशेष कार्य बल (STF) और दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में लॉरेंस गिरोट के शूटर रोहित दहिया को दबोचा था।

जुड़ाव

लॉरेंस गिरोह से और कौन-कौन जुड़ा है?

NDTV ने लॉरेंस गिरोह से जुड़े कई अन्य नामों की पहचान की है, जिनमें रणदीप मलिक, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू, टायसन बिश्नोई और शुभम लोनकर शामिल हैं।

हरमनवीर सिंह, जिसे हरमन संधू और हरि गौतम के नाम से भी जाना जाता है, कथित मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों की जांच में अलग से शामिल रहा है।

अमेरिकी अधिकारियों ने अन्य देशों में नशीले पदार्थों के वितरण से संबंधित एक साजिश में उसकी कथित भूमिका की पहचान की है।

शिकंजा

लॉरेंस गिरोह पर कसा जा रहा है अंतरराष्ट्रीय शिकंजा

हरमन को जून 2026 में अमेरिकी अधिकारियों द्वारा ड्रग तस्करी की साजिश के मामले में कैलिफोर्निया में एक वारंट के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है।

इसके अलावा, लॉस एंजिल्स में अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' की शुरुआत की है, जिसके तहत लॉरेंस गिरोह, जग्गू भगवानपुरिया गिरोह और रविंदर ढांडा गिरोह जैसे भारतीय मूल के अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्कों को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने के लिए बड़े पैमाने पर कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENT