Page Loader
देशभर को भिगो रहा समय से पहले आया मानसून, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट 
देश के कई इलाकों में अगले 7 दिन भारी बारिश हो सकती है

देशभर को भिगो रहा समय से पहले आया मानसून, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट 

Jun 30, 2025
09:46 am

क्या है खबर?

दक्षिण-पश्चिम मानसून निर्धारित समय 8 जुलाई से 9 दिन पहले लगभग पूरे देश में पहुंच चुका है। दिल्ली में सामान्य तिथि 27 जून के 2 दिन बाद दस्तक दी है। इसने लोगों को गर्मी से राहत दी है, जबकि कुछ राज्याें में भारी बारिश आफत बन रही है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन जैसे हालात पैदा हो रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 5 जुलाई तक कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मानसून 

कहां तक पहुंचा मानसून?

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून रविवार (29 जून) को राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा के शेष हिस्सों और पूरी दिल्ली में पहुंच गया। अगले 7 दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में अत्याधिक बारिश होने के आसार हैं। आमतौर पर मानसून एक जून को केरल में दस्तक देता है और 8 जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। इस बार जून से सितंबर के बीच औसत से 106 प्रतिशत ज्यादा बारिश होने अनुमान है।

पूूर्वानुमान 

अगले 7 दिन इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत में झारखंड, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 5 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर झमाझम बारिश होने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश का अनुमान है। पश्चिम में अगले 7 दिनों तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और गुजरात में, पूर्वोत्तर के अलावा दक्षिण भारतीय राज्यों भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

खतरा 

गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ के हालात

उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह छा गया है, जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी आई है। प्रदेश में 30 जून को 26 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और 13 जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जोरदार बारिश के चलते मेरठ में गंगा नदी खतरे के निशान तक पहुंच गई है, जिससे कई गांवों में जलमग्न हो चुके हैं। आने वाले दिनों में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की समस्या बढ़ेगी।

पहाड़ी राज्य 

पहाड़ों पर बढ़ा खतरा 

मानसून की भारी बारिश पहाड़ी राज्यों में आफत बनकर बरस रही है। अब तक बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में हिमाचल प्रदेश में 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। यहां 1 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित कर दी गई है।

ट्विटर पोस्ट

हिमाचल प्रदेश में उफान पर नदी-नाले

राहत 

दिल्ली में मानसून ने दी दस्तक

दिल्ली में रविवार को मानसून का इंतजार खत्म हो गया। इसकी पहली बारिश से लोगों को गर्मी और उमस भरे मौसम से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सोमवार को देश की राजधानी में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली गिरने के भी आसार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है।