Page Loader
बारिश इन राज्यों में फिर देगी दस्तक, बढ़ेगा सर्दी का कहर 
देश के कई राज्यों में आज सुबह कोहरा नजर आया है (तस्वीर: एक्स/@shubhrata_p)

बारिश इन राज्यों में फिर देगी दस्तक, बढ़ेगा सर्दी का कहर 

Jan 21, 2025
09:48 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत में पिछले 2 दिनों से निकल रही धूप के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। आने वाले दिनों में एक बार फिर मौसम में बदलाव होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस सप्ताह बारिश होने की संभावना है। दूसरी तरफ दक्षिण तमिलनाडु में आज बहुत भारी बारिश हुई और इसके अलावा केरल में भी बारिश होने के आसार हैं।

बर्फबारी 

पहाड़ों पर जारी है बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे में घने बादल छाए रहेंगे और आने वाले 3 दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान जताया गया है। जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश और कई क्षेत्रों में हिमपात होने के अनुमान है। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान पिछली रात न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री तक गिर गया। हिमाचल प्रदेश के कई भागों में 4 दिनों तक बारिश-बर्फबारी जारी रहने की संभावना है। 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर शीतदिवस की स्थिति रहेगी।

राहत 

2 दिनों से दिल्ली में ठंड से राहत 

राजधानी दिल्ली में सर्दी का प्रकोप कम होता दिख रहा है। सोमवार काे अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। इससे पहले 19 जनवरी को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री रहा, जो 6 सालों में इस महीने के दौरान सबसे गर्म दिन था। मौसम विभाग ने आज यहां आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 11 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है।

राजस्थान 

राजस्थान में कल से फिर बारिश के आसार 

राजस्थान में पिछले 2 दिनों से कुछ इलाकों लोगों को तेज ठंड से राहत मिली है। अभी भी कुछ इलाकों में सुबह के वक्त कोहरा नजर आ रहा है। सोमवार को प्रदेश में सबसे कम तापमान पाली में 6.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जयपुर में 14 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 22 और 23 जनवरी को जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश होने का अनुमान है। इससे सर्दी का असर तेज होगा।

ट्विटर पोस्ट

अयोध्या में नजर आया कोहरा 

उत्तर प्रदेश 

कोहरे की जकड़ में उत्तर प्रदेश और बिहार 

उत्तर प्रदेश में पिछले 2 दिनों में सर्दी में कमी आई है, लेकिन आज से मौसम में फिर बदलाव होगा। आज सुबह राम जन्मभूमि आयोध्या सहित प्रयागराज और अन्य जिलों में घना कोहरा छाया नजर आया। नए पश्चिमी विक्षोभ से अगले 2 दिन में बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बिहार की राजधानी पटना में आज सुबह घना कोहरा छाया और शीतलहर से लोग परेशान दिखे ।