LOADING...
पहाड़ी राज्यों में नहीं थम रहा बारिश का कहर, मैदानी इलाकों में रहेगी राहत 
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है (तस्वीर: एक्स/@Ananjana30)

पहाड़ी राज्यों में नहीं थम रहा बारिश का कहर, मैदानी इलाकों में रहेगी राहत 

Aug 02, 2025
09:49 am

क्या है खबर?

मानसूनी बारिश पहाड़ी राज्यों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी कहर बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से हुए भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन बंद हो गया, जिससे कई वाहन फंस गए। अगले 1-2 दिनों तक कुछ राज्यों में भारी बारिश से राहत मिल सकती है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 2-3 अगस्त 2025 तक राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दिल्ली NCR में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

आफत 

पहाड़ों पर जारी है बारिश की आफत

हिमाचल प्रदेश के लाहुल घाटी में शुक्रवार को 3 जगह बादल फटने से बाढ़ आ गई। प्रदेश में शनिवार को 8 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कई जगहों पर बादल फटने का भी खतरा है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते अमरनाथ यात्रा 3 अगस्त तक के लिए स्थगित है। उत्तराखंड में मार्ग अवरुद्ध होने से केदारनाथ यात्री फंसे हैं। साथ ही राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

ट्विटर पोस्ट

हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन से रास्ते अवरुद्ध 

राहत 

राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में रहेगी राहत

मानसून राजस्थान में खूब मेहरबान हुआ है, जिसके चलते जुलाई में पिछले साल की तुलना में 77 फीसदी अधिक बारिश हुई है, जिससे 67 फीसदी बांध लबालब हो गए। शुक्रवार को श्रीगंगानगर से छत्तरगढ़ जाने वाली सड़क पानी के तेज बहाव में बह गई। मौसम विभाग ने 2 अगस्त को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चुरू, झुंझनूं, सीकर और बीकानेर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश से राहत मिल सकती है।

बाढ़ 

बुंदेलखंड़ में बाढ़ के हालात 

बुंदेलखंड में केन, चंद्रावल, बागेन रंज, बेतवा और यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से खेत और गांव जलमग्न होने के साथ सड़क पर पानी बह रहा है। उत्तर प्रदेश में 2 अगस्त को कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है, जबकि 3 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी है। साथ ही गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। बिहार में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान है।

ट्विटर पोस्ट

लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर 

तापमान 

दिल्ली में बढ़ सकती है उमस

पिछले 2 दिनों से दिल्ली में बारिश का दौर जारी है, जिससे तापमान में कुछ हद तक गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को दिन में निकली धूप के कारण मौसम में एक बार फिर उमस बढ़ने के आसार बन गए हैं। देश की राजधानी में 2 अगस्त को रोहिणी, पीतमपुरा, लक्ष्मीनगर, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आस-पास रह सकता है।