LOADING...
राजस्थान में 33 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जानिए देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम 
कई राज्यों में बढ़ते तापमान के कारण लोगों को गर्मी का अहसास सताने लगा है

राजस्थान में 33 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जानिए देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम 

Feb 16, 2025
09:21 am

क्या है खबर?

आमतौर पर फरवरी में हल्की ठंड के साथ सुहाना मौसम रहता है, लेकिन इस बार दिन के समय पड़ने वाली तेज धूप अभी से पसीने छुड़ा रही है। उत्तर भारत के कई इलाकों में औसत न्यूनतम तापमान समान्य 1-3 डिग्री अधिक बना हुआ है। दूसरी तरफ पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक बार फिर मौसम बदलता हुआ नजर आ रहा है। इस कारण आज (16 फरवरी) कई राज्यों में बादल छाए रहने के साथ बारिश की भी आशंका है।

दिल्ली 

किस कारण दिल्ली में बढ़ रही गर्मी

दिल्ली NCR में आज बादल छाए रह सकते हैं। पहाड़ों से आने वाली ठंड़ी हवाओं की रफ्तार कम होने से दिन का तापमान बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो इससे आने वाले दिनों में रात के तापमान में भी इजाफा होगा। आज न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है। इसके अलावा राजधानी से सटे पंजाब-हरियाणा में बारिश होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश में बढ़ने लगा तापमान 

उत्तर प्रदेश में भी सर्दी जल्द विदा होती नजर आ रही है। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। दूसरी तरफ कल (15 फरवरी) न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा है। आज यहां बादल छाए रहने के साथ 20 फरवरी से पूर्वी हिस्से में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद 21 फरवरी से तापमान में फिर से इजाफा होगा।

राजस्थान 

इस तारीख को फिर बदलेगा राजस्थान का मौसम

राजस्थान में भी सूरज के तेवर तल्ख हो रहे हैं। यहां शनिवार को बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरी तरफ आज कहीं-कहीं बादल छाए रहने से प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। यहां 17 से 20 फरवरी के बीच हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ सकती है। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड़ में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।