Page Loader
दिल्ली से लेकर राजस्थान तक शीतलहर का कहर, जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम 
देशभर में शीतलहर का कहर जारी है (तस्वीर: एक्स/@deep_nair16)

दिल्ली से लेकर राजस्थान तक शीतलहर का कहर, जानिए कब तक रहेगा ऐसा मौसम 

Dec 15, 2024
09:04 am

क्या है खबर?

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से देशभर में सर्दी का सितम जारी है। शीतलहर के कारण दिल्ली से लेकर राजस्थान तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों मे न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि नए साल तक शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा और पहाड़ों में बर्फबारी में इजाफा होने से पारा लुढ़क सकता है। इसके अलावा दक्षिण के राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

राजस्थान 

18 दिसंबर तक राजस्थान में ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने राजस्थान में 18 दिसंबर तक 8 जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। यहां दिन और रात के तापमान में और गिरावट आएगी। शनिवार को 15 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम रहा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में माइनस 1.3 डिग्री दर्ज किया गया। यहां 4 दिन से लगातार तापमान जमाव बिन्दु से नीचे है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के 31 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली 

दिल्ली में सर्दी से थोड़ी राहत 

राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह के समय स्मॉग रहा। इसके साथ ही अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 7 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 16 से 20 दिसंबर तक अधिकतम तापमान 22-24 डिग्री और न्यूनतम 6-7 डिग्री रहने की संभावना है, जिससे सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। स्काईमेट के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान के 6-7 डिग्री से कम होने की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद शीतलहर एक बार फिर वापसी कर सकती है।