LOADING...
नोएडा दहेज हत्या मामला: आरोपी विपिन भाटी एक और महिला पर कर चुका है हमला
नोएडा दहेज हत्या मामले में आरोपी विपिन भाटी के कई अन्य राज सामने आए

नोएडा दहेज हत्या मामला: आरोपी विपिन भाटी एक और महिला पर कर चुका है हमला

लेखन गजेंद्र
Aug 26, 2025
02:18 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 36 लाख रुपये दहेज के लिए अपनी पत्नी निक्की को आग लगाने के आरोपी विपिन भाटी को लेकर नया खुलासा हुआ है। न्यूज 18 के मुताबिक, पिछले साल विपिन की पत्नी निक्की ने उसे प्रीति के साथ रंगे हाथ पकड़ा था। तब आरोपी ने विवाद से बचने के लिए प्रीति पर हमला किया था। विपिन महिला के साथ दिल्ली में कार के अंदर पाया गया था। मामले में जारचा थाने में FIR दर्ज है।

हमला

निक्की को छोड़कर छुट्टी पर जाना चाहता था विपिन

भाटी परिवार में ही ब्याही निक्की की बहन कंचन ने भी आरोप लगाया था कि विपिन के कई महिलाओं से संबंध थे। उन्होंने बताया कि निक्की ने जब से विपिन का खुलासा किया था, तब से दोनों के बीच तनाव चल रहा था। इंडियन एक्सप्रेस ने निक्की के परिवार के हवाले से बताया कि 21 अगस्त को विपिन किसी अन्य महिला के साथ बाहर घूमने जा रहा था, जिसके कारण निक्की का उससे झगड़ा हुआ, जो अग्निकांड में बदल गया।

गिरफ्तार

पूरा भाटी परिवार पुलिस की हिरासत में

ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि दहेज के लिए निक्की को जलाने के आरोप में उसके पति विपिन, भाई रोहित, मां दया और पिता सतवीर को गिरफ्तार कर लिया गया है। विपिन को सोमवार को पैर में गोली मारकर पकड़ा गया। चारों लोगों को मामले में आरोपी बनाया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। निक्की के पिता ने आरोपी परिवार के घर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

घटना

क्या है आग लगाने का मामला?

बुधवार 21 अगस्त को निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। उसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया। हालांकि, उसकी मौत हो गई। इसके बाद निक्की की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत दी कि उनके और उसके 6 वर्षीय बेटे के सामने निक्की को उसके पति विपिन और ससुराल के अन्य सदस्यों ने आग लगाई है। आरोप है कि ससुराल वाले 36 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।