Page Loader
लखनऊ: होटल के अंदर परिवार के 5 लोगों की हत्या, बेटे ने वारदात को दिया अंजाम
उत्तर प्रदेश के लखनऊ में 5 की हत्या

लखनऊ: होटल के अंदर परिवार के 5 लोगों की हत्या, बेटे ने वारदात को दिया अंजाम

लेखन गजेंद्र
Jan 01, 2025
09:40 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नए साल के दिन बड़ी वारदात हो गई। यहां एक होटल के अंदर परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। वारदात नाका थाना क्षेत्र के होटल शरणजीत में हुई है। हत्या का आरोप परिवार के 24 वर्षीय बेटे अरशद पर है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतकों में अरशद की मां अस्मा और 4 बहनें अल्शिया (19), रहमीन (18), अक्सा (16) और आलिया (9) शामिल हैं। सभी आगरा के निवासी हैं।

हत्या

कैसे मिली हत्या की जानकारी

आगरा के इस्लाम नगर कुबेरपुर का रहने वाला परिवार 30 दिसंबर को लखनऊ आया था। यहां वे चारबाग रेलवे स्टेशन के पास नाका क्षेत्र में शरणजीत होटल में ठहरे थे। यह होटल संकरी गलियों में है। बुधवार सुबह जब होटल का स्टाफ कमरे में पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। उसने होटल के मालिक और पुलिस को सूचना दी। होटल के कर्मचारियों ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य जमीन पर बेसुध पड़े थे, जबकि युवक अरशद वहीं था।

जांच

आरोपी ने पूछताछ में बताई पारिवारिक कलह की बात

मौके पर पहुंची पुलिस उपायुक्त रवीना त्यागी ने बताया कि मौके से अरशद को गिरफ्तार कर कमरे को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है और आसपास कमरे में रुके लोगों की भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस पूछताछ में अरशद ने बताया कि उसने पारिवारिक कलह के कारण वारदात को अंजाम दिया है। अरशद के पिता बदर मौके पर नहीं मिले हैं। उनका पता लगाया जा रहा है। पुलिस की टीम आगरा भी जाएगी।

जांच

गला दबाकर की गई हत्या

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अरशद ने बताया है कि उसने गला दबाकर हत्या की है। मृतकों के गले और कलाई पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। सभी शव एक ही कमरे में पड़े मिले थे। पुलिस पता लगा रही है कि अरशद ने हत्या में किसी अन्य की मदद तो नहीं ली थी। होटल के मालिक से भी पूछताछ जारी है। परिवार नया साल मनाने लखनऊ आया था।

ट्विटर पोस्ट

लखनऊ में हत्या