
उत्तर प्रदेश: लखनऊ में अस्पताल के बाहर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, कर्मचारियों के हाथ-पैर उड़े
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बालागंज स्थित जेपीएस अस्पताल के बाहर वाहन से उतारते समय ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस दौरान सिलेंडर आपूर्ति कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन से सिलेंडर उतारते समय वह जमीन पर गिरा, जिससे धमाका हुआ। धमाके की चपेट में आने से कर्मचारियों के हाथ-पैर कटकर दूर जा गिरे।
मौके पर सड़क से गुजर रही कार पर भी सिलेंडर के कुछ टुकड़े गिरे, जिससे वो क्षतिग्रस्त हो गई।
धमाका
फरीदीपुर से हुई थी ऑक्सीजन सिलेंडर की आपूर्ति
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरीदीपुर निवासी संजय के ऑक्सीजन प्लांट से सिलेंडरों की आपूर्ति जेपीएस अस्पताल में होती है। गुरुवार दोपहर को उनके कर्मचारी शोभित और आरिफ सिलेंडर लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
जैसे ही उन्होंने वाहन से सिलेंडर उतारा, तभी एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिलेंडर के जमीन में रखते ही धमाका हुआ।
हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हुए हैं। उनको ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक है।
हादसा
उत्तर प्रदेश में पहले भी हो चुका है ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट
उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने की यह पहली घटना नहीं है।
इसी साल मई में आगरा में अस्पताल के बाहर खड़ी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट होने से एक कर्मचारी की जान गई थी।
इससे पहले पिछले साल दिसंबर में चंदौली के अस्पताल में सिलेंडर की आपूर्ति के दौरान कर्मचारियों के सिलेंडर को वाहन से उतारते ही धमाका हुआ था, जिसमें 2 की जान गई थी।