Page Loader
लखनऊ: 2 दोस्तों ने रोमांच के लिए ली ड्रग्स की अधिक खुराक, 1 की मौत
लखनऊ में ड्रग्स की अधिक खुराक लेने से लड़की की मौत (प्रतीकात्मक तस्वीर)

लखनऊ: 2 दोस्तों ने रोमांच के लिए ली ड्रग्स की अधिक खुराक, 1 की मौत

लेखन गजेंद्र
Apr 10, 2024
03:21 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रोमांच के लिए ड्रग्स की अधिक खुराक लेने से एक 18 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने उसके 28 वर्षीय दोस्त को गिरफ्तार किया है। घटना BBD थाना क्षेत्र के तिवारीगंज में 7 अप्रैल को घटी है। दोनों ने एक अन्य दोस्त के खाली पड़े प्लॉट में नशीली दवा का सेवन किया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाराबंकी निवासी 28 वर्षीय विवेक मौर्य के रूप में हुई है।

घटना

बेंगलुरु जाने के लिए घर से निकली थी लड़की

पुलिस ने बताया कि लड़की बेंगलुरु की प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थी और 3 अप्रैल को लखनऊ आई थी। 7 अप्रैल को वह बेंगलुरु वापस जाने के लिए महानगर स्थित घर से निकली थी। लड़की बेंगलुरु न जाकर अपने दोस्त विवेक के बुलाने पर तिवारीगंज पहुंच गई और यहां दोनों ने इंजेक्शन के साथ स्मैक का नशा लिया। ओवरडोज होने पर लड़की बेहोश हो गई तो विवेक उसे लेकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी मौत हो गई।

जांच

लड़की की मौत होने पर फरार हुआ युवक

पुलिस ने बताया कि लड़की की मौत होने पर युवक फरार हो गया। पहचान पत्र से उसके परिवार को सूचित किया गया। मृतक के परिजनों का कहना है कि विवेक लड़की पर जबरन स्मैक बेचने का दबाव बना रहा था। लड़की का परिवार पहले विवेक के न्यू हैदराबाद स्थित घर में रहता था, जिससे लड़की और युवक में दोस्ती हुई थी। पुलिस ने पहले हत्या का मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन सबूत न मिलने पर इसे गैर-इरादतन हत्या में बदला।