उत्तर प्रदेश: जालौन में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष के घर की छत पर चढ़ा सांड, देखें वीडियो
उत्तर प्रदेश में आवारा जानवर लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। मंगलवार की रात जालौन जिले के कोंच में सांड एक घर में घुस गया और छत पर चढ़ गया। यह घर कोंच की पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सरिता आनंद अग्रवाल का है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें सांड छत पर दिख रहा है। बता दें कि कोंच केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा का गृह क्षेत्र भी है। वह जालौन से सांसद हैं।
सांड को पकड़ने में नगरपालिका के कर्मचारियों के छूटे पसीने
कोंच कोतवाली क्षेत्र के पटेल नगर में स्थित अग्रवाल के घर में दरवाजा न होने की वजह से सांड अंदर घुस गया था। यह काफी पुराना घर है। सांड को पकड़ने के लिए नगरपालिका के कर्मचारियों को सूचना दी गई, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद सांड को नीचे उतारा और अपने साथ ले गए। उनको उसे पकड़ने में काफी समय लगा। इस दौरान मौके पर नजारा देखने वालों की भीड़ जुट गई।