मुंबई में अजीब गंध से परेशान हुए लोग, गैस लीक होने की अफवाह
क्या है खबर?
मुंबई के पश्चिमी और पूर्व उपनगरीय क्षेत्रों में लोगों ने अजीब गंध महसूस की है। इसके बाद इस अफवाह ने जोर पकड़ लिया है कि चेंबूर स्थित राष्ट्रीय केमिकल फर्टिलाइजर के प्लांट से गैस लीक हो गई है।
बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) के मुताबिक उन्हें गैस लीक की सूचना तो मिली है, लेकिन जांच करने पर कहीं भी गैस लीक की पुष्टि नहीं हुई।
गुरुवार रात से 1916 कंट्रोल रूम पर इस संबंध में कुल 29 शिकायतें मिली हैं।
शिकायत
इन इलाकों में गंध से परेशान हुए लोग
BMC अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार देर रात से पवई, चेंबूर, मनखुर्द, गोवंडी, चांदीवली, अंधेरी और घाटकोपर इलाकों से गैस लीक होने की शिकायतें मिल रही हैं।
लोग लगातार एजेंसियों में फोन कर इस संबंध में जानकारी ले रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि दमकल विभाग की नौ गाड़ियों को गैस लीक होने की जगह का पता लगाने के काम पर लगाया गया है।
पुलिस ने कहा है कि अभी किसी प्रकार के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
खंडन
BMC ने किया गैस लीक होने की खबरों का खंडन
न्यूज18 के मुताबिक, BMC ने दावा किया है कि शहर में कहीं कोई गैस लीक नहीं हो रही है।
BMC प्रमुख प्रवीण परदेशी ने कहा, "हमें फोन करने वाले सभी लोगों ने कहा है कि अब यह गंध नहीं आ रही है। NDRF और डिजास्टर इक्विपमेंट ने भी पता लगाया है कि कहीं से कोई गैस लीक नहीं हो रही।"
BMC ने मनखुर्द, चेंबूर, विखरोली, विले पार्ले समेत कुल नौ जगहों पर दमकल विभाग की गाड़ियों को भेजा है।
बयान
MGL ने कही यह बात
मुंबई में पाइपलाइन के जरिए गैस सप्लाई करने वाली कंपनी महानगर गैस लिमिटेड ने बयान जारी कर कहा कि उसे मुंबई के कई इलाकों से गंध आने की शिकायतें मिल रही हैं।
कंपनी ने कहा उसकी टीमें उन स्थानों पर पहुंच रही है, जहां से गैस लीक होने की शिकायतें मिल रही हैं और अभी तक पाइपलाइन सिस्टम में उसे ऐसी कोई खामी नहीं मिली है, जिससे गैस लीक हो। कंपनी ने इमरजेंसी वाहन भी भेजे हैं।
पुराना हादसा
ONGC प्लांट में लगी थी आग
बीते 3 सितंबर को मुंबई के ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) के प्लांट में भीषण आग लगी थी। इसमें पांच लोगों की मौत और आठ लोग घायल हो गए थे।
लगभग दो घंटे बाद इस आग पर काबू पाया जा सका।
ONGC के इस प्लांट से पूरे मुंबई में गैस की आपूर्ति होती है साथ ही यहां से विदेशों में भी गैस भेजी जाती है।
अब एक बार फिर गैस लीक की आशंका ने लोगों को डरा दिया है।