केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को अब मिलेगी 'Z' श्रेणी की सुरक्षा, गृह मंत्रालय का आदेश
क्या है खबर?
गृह मंत्रालय ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान की सुरक्षा को मजबूत कर दिया है। मंत्रालय ने उन्हें 'Z' श्रेणी की सुरक्षा देने के आदेश दिए हैं।
इससे पहले उन्हें 'Y' श्रेणी की सुरक्षा मिलती थी, जिसमें सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवान उनकी सुरक्षा में लगे थे। अब वह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की सुरक्षा के घेरे में रहेंगे।
मंत्रालय ने उन पर खतरे की आशंका को देखते हुए यह निर्णय किया है।
सुरक्षा
चिराग की सुरक्षा में लगेंगे CRPF के 33 जवान
चिराग 'Z' श्रेणी की सुरक्षा मिलने के बाद CRPF के 33 जवान के घेरे में रहेंगे। ये देशभर में उनकी यात्रा के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।
इन 33 जवानों में 10 आर्म्ड स्टैटिक गार्ड उनके घर पर रहेंगे। इसी तरह 24 घंटे के लिए 6 निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO), 3 शिफ्ट में 12 हथियारबंद कमांडो और निगरानी ड्यूटी में 2 कमांडो तैनात रहेंगे।
हालांकि, मंत्रालय ने चिराग की सुरक्षा बढ़ाने के कारणों की कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
श्रेणी
किन श्रेणियों में मिलती है सुरक्षा?
बता दें कि सरकार कुछ विशिष्ठ लोगों को सुरक्षा देती है। ये सुरक्षा उन लोगों को दी जाती है, जिन्हें खतरा होता है।
सुरक्षा एजेंसी व्यक्ति की जान के खतरे को देखती हैं और उसके आधार पर सुरक्षा दी जाती है।
भारत में आमतौर पर 5 तरह की VVIP सुरक्षा दी जाती हैं। इनमें Z+, Z, Y+, Y और X श्रेणी शामिल है। इसी तरह विशेष सुरक्षा समूह (SPG) की सुरक्षा केवल प्रधानमंत्री और उसके परिवार को मिलती है।