टीवी पत्रकार रोहित सरदाना का 42 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन
वरिष्ठ टीवी पत्रकार रोहित सरदाना का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। 42 वर्षीय रोहित पिछले हफ्ते कोरोना संक्रमित पाए गए थे। तबियत बिगड़ने पर आज सुबह उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। रोहित सरदाना पिछले कुछ समय से हिंदी समाचार चैनल आजतक से जुड़े हुए थे। उनके निधन के बाद मीडिया और राजनीति जगत के कई बड़े नामों ने शोक व्यक्त किया है।
राजदीप सरदेसाई ने दी निधन की जानकारी
वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने रोहित के निधन की जानकारी देते हुए ट्विटर पर लिखा, 'दोस्तो, बहुत दुखद खबर है। मशहूर टीवी समाचार एंकर रोहित सरदाना का निधन हो गया। आज सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।' अगले ट्वीट में सरदेसाई ने रोहित को एक जुनूनी पत्रकार के तौर पर याद करते हुए कि उन दोनों के बीच राजनीतिक मतभेद थे, लेकिन दोनों के बीच हमेशा सार्थक बहस होती थी।
जी न्यूज के बाद आजतक से जुड़े थे रोहित
काफी समय तक जी न्यूज में काम करने के बाद रोहित इन दिनों आजतक पर 'दंगल' नामक समाचार कार्यक्रम होस्ट करते थे। इसके अलावा उन्हें कई अन्य महत्वपूर्ण कार्यकर्मों की एंकरिंग करते हुए भी देखा जाता था। 2018 में उन्हें पत्रकारिता में शानदार काम के लिए गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था। हालिया दिनों में उन्होंने कई दूसरे पुरस्कार भी अपने नाम किए थे। रोहित दो बेटियों के पिता थे।
लोगों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय थे रोहित
रोहित पिछले हफ्ते से कोरोना से संक्रमित थे और आराम कर रहे थे, लेकिन इस दौरान भी वो लोगों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। उनकी ट्विटर टाइमलाइन देखने पर पता चलता है कि वो लगातार कोरोना संक्रमितों की मदद के लिए सोशल मीडिया पर लोगों से मदद मांग रहे थे। वो जरूरी दवाओं, बिस्तरों और ऑक्सीजन की मांग वाले ट्वीट लगातार रिट्वीट कर रहे थे ताकि जरूरतमंदों तक सही मदद पहुंच सके।
रोहित की सहकर्मी चित्रा त्रिपाठी का ट्वीट
कई बड़े नेताओं ने जताया शोक
रोहित सरदाना के निधन पर कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि रोहित सरदाना के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। देश ने उनके रूप में एक बहादुर पत्रकार को खो दिया है, जो हमेशा निष्पक्ष और सही रिपोर्टिंग के लिए खड़ा हुआ था। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि रोहित का निधन अत्यंत दुखद है। वो जनपक्षीय पत्रकारिता के अप्रतिम हस्ताक्षर थे।