Page Loader
महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टर्स ने की अनिश्चितकालीन हड़ताल, जानिए क्या है कारण 
महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टर्स ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है

महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टर्स ने की अनिश्चितकालीन हड़ताल, जानिए क्या है कारण 

Jul 02, 2025
03:40 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में ट्रांसपोर्टर्स ई-चालान सिस्टम के विरोध और अन्य मांगों को लेकर बुधवार (2 जुलाई) से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। इससे पूरे राज्य में माल परिवहन ठप हो गया है। उनका आरोप है कि अधिकारियों की अवैध वसूली बढ़ गई है। इससे व्यापार संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है और साथ ही ई-चालान का जुर्माना बढ़ रहा है। ट्रक चालकों ने मंगलवार आधी रात से हड़ताल शुरू कर दी, जबकि बस ऑपरेटर कुछ दिन बाद शामिल होंगे।

प्रभाव 

हड़ताल का कैसा रहा प्रभाव?

ट्रांसपोर्टर्स वहातुकदार बचाओ कृति समिति के बैनर तले यह अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। कार्य समिति के संयोजक उदय बर्गे ने PTI को बताया, "हड़ताल का पहला दिन होने के कारण इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। बाद में स्थिति अलग होने की उम्मीद है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हड़ताल के कारण मुंबई और राज्य के अन्य हिस्सों में 1.5 लाख और 2 लाख ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन सड़कों से नदारद रहेंगे।

मांग 

क्या है ट्रांसपोर्टर्स की मांगें?

ट्रक चालक और ट्रांसपोर्टर इस दौरान सरकार से ई-चालान जुर्माना की जबरन वसूली बंद करने, 6 महीने से पुराने ई-चालान रद्द करने और मौजूदा जुर्माने को माफ करने की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही भारी वाहनों के लिए अनिवार्य क्लीनर नियम को खत्म करने, मेट्रो शहरों में नो-एंट्री टाइमिंग पर पुनर्विचार करने की गुहार लगा रहे हैं। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए 10 सदस्यीय समिति गठित की है।