Page Loader
महाराष्ट्र: बेटे ने की मां की हत्या, फोन पर चैट के कारण चरित्र पर था शक
महाराष्ट्र के पालघर में बेटे ने की मां की हत्या

महाराष्ट्र: बेटे ने की मां की हत्या, फोन पर चैट के कारण चरित्र पर था शक

लेखन गजेंद्र
Aug 22, 2023
11:56 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र के पालघर में 17 वर्षीय नाबालिग बेटे ने अपनी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। बेटा अपनी मां के मोबाइल पर चैट करने को लेकर नाराज था। घटना रविवार देर रात वसई टाउनशिप के पैरोल इलाके में हुई। लड़के ने अपनी मां को मोबाइल फोन से किसी को संदेश करते हुए देखा था, जिसके बाद उसने अपनी मां की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद किशोर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हत्या

मां और बेटे में अक्सर होते थे झगड़े

NDTV के मुताबिक, मांडवी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर अशोक कांबले ने बताया कि लड़के को अपनी मां सोनाली गोगरा (35) के चरित्र पर शक था और इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने बताया कि घटना के समय घर में मां और बेटे के अलावा कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। महिला को गंभीर हालत में भिवंडी के इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुकदमा

किशोर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि आरोपी किशोर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वह अभी फरार है, उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है। इससे पहले पालघर के विरार में भी इस साल मार्च में एक 26 वर्षीय युवक ने अपनी मां के साथ बहस होने पर उसका गला घोंट दिया था। मां और बेटे की एक शादी समारोह में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।