LOADING...
तमिलनाडु: थाने में शिकायत करने गया था व्यक्ति, खुद को लगाई आग
चेन्नई में पुलिस थाने के बाहर एक व्यक्ति ने आत्मदाह किया

तमिलनाडु: थाने में शिकायत करने गया था व्यक्ति, खुद को लगाई आग

लेखन गजेंद्र
Jan 21, 2025
11:48 am

क्या है खबर?

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में सोमवार रात को एक व्यक्ति ने पुलिस थाने के बाहर खुद को आग के हवाले कर दिया। व्यक्ति पुलिस थाने शिकायत दर्ज कराने गया था। घटना आरके नगर पुलिस थाना परिसर में हुई है। पीड़ित का नाम राजन बताया जा रहा है, जो पुलियानथोप का रहने वाला है। राजन गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगाने के कारणों का पता नहीं चला है।

आत्मदाह

मारपीट की शिकायत करने पहुंचा था पीड़ित

पुलिस ने बताया कि पीड़ित राजन नशे की हालत में सोमवार रात को थाने पहुंचा था और अपने ऊपर हमले की बात कहकर 2 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराना चाहता था। उसे लिखित में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया था, जिसके बाद वह बाहर चला गया और अचानक खुद को आग लगा ली। घटना के बाद मौके पर राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने राजन को बचाने की कोशिश की। हालांकि, वह गंभीर रूप से झुलस गया।

जांच

पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया

पुलिस का कहना है कि राजन ने खुद को आग क्यों लगाई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, राजन की शिकायत के आधार पर 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। राजन का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बता दें, पिछले दिनों 4 जनवरी को चेन्नई के चेंगलपट्टू कलेक्ट्रेट परिसर में एक 44 वर्षीय व्यक्ति बाबू ने खुद को आग लगा ली थी।