Page Loader
ओडिशा: समुद्र तट पर कैमरा और माइक्रोचिप से लैस कबूतर पकड़ा गया, जासूसी का संदेह
ओडिशा के समुद्री तट पर कैमरा और माइक्रोचिप से लैस कबूतर को पकड़ा गया (प्रतीकात्मक तस्वीर: unsplash)

ओडिशा: समुद्र तट पर कैमरा और माइक्रोचिप से लैस कबूतर पकड़ा गया, जासूसी का संदेह

लेखन गजेंद्र
Mar 09, 2023
10:56 am

क्या है खबर?

ओडिशा में जगतसिंहपुर जिले के पारादीप तट पर एक कबूतर को पकड़ा गया, जिसके पैर में कैमरा और माइक्रोचिप जैसे उपकरण लगे हुए थे। कबूतर एक मछली पकड़ने वाली नाव पर बैठा था। पुलिस को संदेह है कि कबूतर का इस्तेमाल जासूसी के लिए किया जा रहा था। मछुआरों ने कुछ दिन पहले भी कबूतर को ट्रॉलर पर बैठा देखा था। कबूतर को पकड़ने के बाद पारादीप समुद्री पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जासूसी

उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया

जगतसिंहपुर जिले के पुलिस अधीक्षक राहुल पीआर ने कहा, "पशु चिकित्सकों के पास पक्षी को जांच के लिए भेजा गया है। उसके पैरों पर लगे उपकरण की जांच के लिए फॉरेंसिक लैब की मदद ली जा रही है। उसमें कैमरा और माइक्रोचिप लगे होने का संदेह है।" जानकारी के मुताबिक, कबूतर के पंखों पर भी अज्ञात भाषा में कुछ लिखा हुआ है, जिसका पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी। कबूतर कई दिनों से तट के आसपास था।