Page Loader
जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे पहुंचा, पहलगाम में माइनस 5.7 डिग्री
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य से 5 डिग्री नीचे पहुंचा (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्सल)

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे पहुंचा, पहलगाम में माइनस 5.7 डिग्री

लेखन गजेंद्र
Jan 01, 2024
01:10 pm

क्या है खबर?

पहाड़ों से लेकर मैदानों तक हाड़ कंपाने वाली ठंड शुरू हो गई है। पहाड़ों पर पिछले कुछ दिनों से जारी बर्फबारी के बाद अब बर्फीली हवाओं का दौर शुरू हो चुका है। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर समेत कई इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से 3 से 5 डिग्री नीचे आ गया है। अनंतनाग के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.7 डिग्री, श्रीनगर में 5.4 डिग्री और कांजीगुंड में 3.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

ठंड

कश्मीर में चल रहा है 'चिल्ला कलां'

कश्मीर में 40 दिनों के बेहद ठंडे दिन यानी 'चिल्ला कलां' चल रहा है। इसके कारण पूरा इलाका बर्फीली हवाओं की चपेट में है और तापमान काफी गिर गया है। चिल्ला कलां के दौरान घाटी के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित होने और डल झील के साथ-साथ अन्य जल निकायों के जमने की शुरुआत हो गई है। चिल्ला कलां 31 जनवरी को खत्म होगा, लेकिन इससे पहले पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ाएगी।

मौसम

दिल्ली और उत्तर भारत का क्या है हाल?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, दिल्ली में 1 से 4 जनवरी तक सबसे ठंडे दिन दर्ज हो सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 15 डिग्री से नीचे और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री से नीचे जा सकता है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भयंकर शीतलहर चल रही है, जिससे लोगों को अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। लखनऊ समेत अन्य जिलों में कोहरा छंटा है। बिहार में घना कोहरा और मध्य प्रदेश में बारिश के आसार हैं।