Page Loader
कुश्ती महासंघ अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सरकार ने 3 दिन में मांगा जवाब
महिला पहलवानों ने कुश्ती महासंघ अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है (तस्वीर: ट्विटर/@Bajrangpunia)

कुश्ती महासंघ अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सरकार ने 3 दिन में मांगा जवाब

लेखन गजेंद्र
Jan 19, 2023
01:24 pm

क्या है खबर?

महिला पहलवानों के भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद खेल मंत्रालय ने महासंघ से 72 घंटे में जवाब मांगा है। WFI अध्यक्ष पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए ओलंपिक पदक विजेता साक्षी मलिक और ओलंपियन विनेश फोगाट दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दे रही हैं। इसमें बजरंग पूनिया भी शामिल हैं। फोगाट ने WFI अधिकारियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

विरोध

दिल्ली महिला आयोग ने भी जारी किया नोटिस

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालिवाल ने भी WFI अध्यक्ष ब्रज भूषण सिंह को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा दिल्ली पुलिस और खेल सचिव से निष्पक्ष जांच और जानकारी मुहैया कराने को कहा गया है। हालांकि, भूषण सिंह ने महिला पहलवानों के सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। बता दें कि महिला पहलवानों के धरने में 30 अन्य पहलवानों ने शामिल होकर अपना समर्थन दिया है और कार्रवाई की मांग की है।