Page Loader
राजस्थान के चूरू में 0 डिग्री पहुंचा पारा, माउंट आबू में जमी बर्फ
राजस्थान के चुरू में शून्य डिग्री पहुंचा पारा (तस्वीरः pixabay)

राजस्थान के चूरू में 0 डिग्री पहुंचा पारा, माउंट आबू में जमी बर्फ

लेखन गजेंद्र
Dec 26, 2022
11:50 am

क्या है खबर?

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी शुरू हो चुकी है। राजस्थान जैसे सूखे प्रदेश में पारा शून्य पहुंच गया है और बर्फ जमने लगी है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, चुरू में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं, राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में भी तापमान जमाव बिंदु पर है। यहां वाहनों के ऊपर बर्फ जमने लगी है। राज्य के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से नीचे बना हुआ है।

मौसम

अगले 4 से 5 दिन राहत के आसार नहीं

मौसम विभाग के अनुसार पूरे राजस्थान में ठंड से पांच तक दिन राहत के कोई आसार नहीं है। इसके अलावा नया पश्चिमी विक्षोभ बनने से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान गिरने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है। पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य हो गई। रेलवे ने कई ट्रेनें रद्द की हैं। मौसम विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा में ठंड और बढ़ेगी।